चैत्र नवरात्रि में खाना है कुछ चटपटा तो बनाएं फलाहारी आलू पेटिज, बाहर क्रिस्प, अंदर सॉफ्ट, व्रत स्पेशल रेसिपी
Last Updated:
Falahari Aloo Patties Recipe: चैत्र नवरात्रि में व्रत के दौरान एक जैसा फलाहार खाकर बोर हो जाते हैं. ऐसे में कुरकुरे आलू पेटिज घर पर बना सकते हैं, जो स्वाद में जबरदस्त होती हैं.आसान रेसिपी से तैयार ये व्रत स्पेशल डिश दही या चटनी के साथ परोसें और फलाहार को बना दें खास.
चैत्र नवरात्रि के दौरान व्रत रखने वाले लोगों के लिए फलाहार का विशेष महत्व होता है. इन नौ दिनों में लोग सात्विक भोजन करते हैं और ऐसी चीजें चुनते हैं जो हल्की होने के साथ-साथ स्वादिष्ट भी हों. ऐसे में आलू से बनी डिश सबसे ज्यादा पसंद की जाती है, क्योंकि यह पेट भरने के साथ स्वाद भी देती है. आलू पेटिज एक ऐसा ही विकल्प है जिसे आप आसानी से घर पर बना सकते हैं.
अक्सर देखा जाता है कि व्रत के दौरान रोज-रोज एक जैसा फलाहार खाने से मन ऊब जाता है. कभी सिर्फ फल, कभी दही या साबूदाना – इन सबके बीच कुछ नया और कुरकुरा खाने का मन करता है. ऐसे समय में आलू पेटिज एक बेहतरीन ऑप्शन बनकर सामने आता है. यह खाने में टेस्टी होता है और इसे बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है.
नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा के साथ-साथ खानपान का भी विशेष ध्यान रखा जाता है. लोग नियमों का पालन करते हुए बिना लहसुन-प्याज के भोजन बनाते हैं.आलू पेटिज की खास बात यह है कि इसे पूरी तरह फलाहारी तरीके से तैयार किया जा सकता है, जिससे व्रत भी नहीं टूटता और स्वाद भी बना रहता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
गृहणी मनीषा सिंह बताती हैं कि इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले आलू को अच्छे से उबाल लिया जाता है. उबले हुए आलू को छीलकर एक बर्तन में रखकर अच्छी तरह मैश कर लिया जाता है, ताकि उसमें कोई गांठ न रहे. इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और कुटा हुआ अदरक डाला जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
अब इस मिश्रण में जीरा पाउडर और सेंधा नमक मिलाया जाता है, जो व्रत में इस्तेमाल किया जाता है. इसके बाद सिंघाड़े का आटा डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिला लिया जाता है. यह आटा पेटिज को बांधने का काम करता है, जिससे उसे आकार देना आसान हो जाता है.
जब मिश्रण तैयार हो जाए, तब उसके छोटे-छोटे हिस्से लेकर बॉल्स बना लें.आप चाहें तो इन्हें गोल आकार दे सकते हैं या हल्का दबाकर टिक्की जैसा शेप भी दे सकते हैं. सभी पेटिज बनाकर एक प्लेट में रख लें, ताकि तलने में आसानी हो.
अब एक कड़ाही में मूंगफली का तेल डालकर उसे मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद धीरे-धीरे पेटिज को उसमें डालें और सुनहरा होने तक तलें. पेटिज को बीच-बीच में पलटते रहें ताकि वह दोनों तरफ से बराबर कुरकुरी हो जाए.
जब पेटिज अच्छी तरह से तल जाएं, तो उन्हें बाहर निकालकर प्लेट में रखें. अब आपकी स्वादिष्ट फलाहारी आलू पेटिस तैयार है. इसे आप दही या व्रत वाली चटनी के साथ परोस सकते हैं. यह डिश न सिर्फ आपके व्रत को खास बनाएगी, बल्कि परिवार के सभी लोगों को भी बहुत पसंद आएगी.