spring rolls recipe । स्प्रिंग रोल रेसिपी
Crispy Spring Rolls Recipe: घर पर कुरकुरे स्प्रिंग रोल्स बनाना बिल्कुल आसान है. सही बैटर, हल्की पकी सब्जियां और सही तापमान पर तलने से रोल्स बाजार जैसे बन सकते हैं. इस आसान रेसिपी की मदद से आप कभी भी घर पर टेस्टी और क्रिस्पी स्प्रिंग रोल्स तैयार कर सकते हैं. शाम की हल्की भूख हो, दोस्तों की छोटी सी पार्टी हो या बच्चों को कुछ टेस्टी खिलाने का मन-ऐसे समय में स्प्रिंग रोल्स का नाम सबसे पहले याद आता है. बाहर से सुनहरे और कुरकुरे, अंदर से मसालेदार सब्जियों से भरे ये रोल्स हर उम्र के लोगों को पसंद आते हैं. अक्सर लोग इन्हें होटल या फूड स्टॉल पर ही खाना पसंद करते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि घर पर बाजार जैसे परफेक्ट स्प्रिंग रोल्स बनाना थोड़ा मुश्किल है.
कई लोग रोल्स बनाते समय इस बात से परेशान रहते हैं कि शीट्स फट जाती हैं या तलने के बाद रोल्स उतने कुरकुरे नहीं बनते. लेकिन सही बैटर, सही स्टफिंग और तलने के सही तरीके से यह समस्या आसानी से खत्म हो सकती है. आइए जानते हैं कि कैसे आप अपने किचन में ही बाजार जैसे स्वादिष्ट और कुरकुरे स्प्रिंग रोल्स बना सकते हैं.
घर पर स्प्रिंग रोल्स बनाने के लिए जरूरी सामग्री
स्प्रिंग रोल्स बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती. ज्यादातर सामान किचन में पहले से ही मौजूद होता है.
शीट्स के लिए
-1 कप मैदा
-2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
-चुटकी भर नमक
-जरूरत के हिसाब से पानी
स्टफिंग के लिए
-1 कप बारीक कटी पत्तागोभी
-आधा कप गाजर के पतले लच्छे
-आधा कप बारीक कटी शिमला मिर्च
-2-3 हरी मिर्च
-1 इंच अदरक बारीक कटा
-1 बड़ा चम्मच सोया सॉस
-1 चम्मच रेड चिली सॉस
-आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर
-स्वाद के हिसाब से नमक
-2 बड़े चम्मच तेल
सबसे पहले तैयार करें टेस्टी वेज स्टफिंग
1. स्प्रिंग रोल्स का असली स्वाद उसकी स्टफिंग में छिपा होता है. इसलिए इसे सही तरीके से बनाना जरूरी है.
2. एक कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें. इसमें अदरक और हरी मिर्च डालकर तेज आंच पर हल्का भून लें. अब इसमें पत्तागोभी, गाजर और शिमला मिर्च डालें. सब्जियों को ज्यादा देर तक पकाने की जरूरत नहीं है. बस 2-3 मिनट तेज आंच पर चलाते रहें ताकि उनका हल्का क्रंच बना रहे.
3. अब इसमें सोया सॉस, चिली सॉस, नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें. करीब 2 मिनट बाद गैस बंद कर दें और स्टफिंग को ठंडा होने के लिए रख दें.
ऐसे बनाएं पतली और परफेक्ट स्प्रिंग रोल्स शीट
1. एक बाउल में मैदा, कॉर्नफ्लोर और नमक डालकर मिला लें. अब इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए पतला और स्मूद बैटर बना लें. ध्यान रखें कि घोल में कोई गांठ न रहे.
2. अब एक नॉन-स्टिक पैन हल्का गरम करें. उसमें एक कलछी बैटर डालें और पैन को घुमाते हुए पतला फैला दें. जब किनारे पैन छोड़ने लगें, तो इसे धीरे से निकाल लें.
इसी तरह सारी शीट्स तैयार कर लें और प्लेट में रख दें.
अब तैयार करें स्प्रिंग रोल्स अब एक छोटा गाढ़ा मैदा-पानी का पेस्ट बना लें, जिससे रोल्स को बंद किया जाएगा. एक शीट को सपाट जगह पर रखें. उसके एक किनारे पर 2 चम्मच स्टफिंग रखें. अब दोनों साइड मोड़ें और रोल करते हुए मैदा पेस्ट से किनारा चिपका दें. ध्यान रखें कि रोल टाइट हो, ताकि तलते समय खुल न जाए.
ऐसे तलें ताकि रोल्स बनें एकदम कुरकुरे
कड़ाही में तेल गरम करें. जब तेल मध्यम गरम हो जाए, तब रोल्स धीरे-धीरे तेल में डालें. इन्हें मध्यम आंच पर तब तक तलें जब तक ये गोल्डन ब्राउन और कुरकुरे न हो जाएं. तलने के बाद रोल्स को किचन पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए. अब इन्हें बीच से तिरछा काटकर प्लेट में रखें और शेजवान चटनी या स्वीट चिली सॉस के साथ सर्व करें.
परफेक्ट स्प्रिंग रोल्स बनाने के आसान टिप्स
सब्जियों को ज्यादा देर न पकाएं, तभी रोल्स में अच्छा क्रंच आएगा. शीट का बैटर पतला होना चाहिए, तभी शीट सही बनेगी. रोल्स को हमेशा मध्यम आंच पर तलें. रोल्स को टाइट रोल करना जरूरी है.