महाभारत के किरदार.. 9 वर्षों में यूपी को नई पहचान.. CM योगी आदित्यनाथ ने पेश किया अपनी सरकार का लेखा-जोखा

Share to your loved once


लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के 9 साल का लेखा-जोखा बुधवार को रखा. इस मौके पर उन्होंने उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास एवं सतत समृद्धि के 9 वर्ष पर एक पुस्तक का विमोचन भी किया. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा नौ वर्षों में जो भी परिवर्तन हुआ है वह प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम, जनप्रतिनिधियों के सेवा भाव से किये गए कार्यों, व जनता जनार्दन के सहयोग का प्रतिफल है.

लोक भवन सभागार में हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कौन से कारक थे जिसकी वजह से यूपी के युवाओं के सामने पहचान का संकट था. देश की सबसे ज्यादा उर्वरा भूमि और सिंचाई के सबसे बड़े स्रोतों के बावजूद हमारा अन्नदाता क्यों आत्महत्या कर रहा था. सबसे कुशल कारीगर होने के बावजूद भी क्यों हमारा युवा उद्यमी नहीं बन सका? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटी, व्यापारी को कोई सुरक्षा नहीं थी. नौजवान हताश था, नौकरी निकली नहीं कि महाभारत के सारे किरदार निकल पड़ते थे. पिछले 9 वर्षों में सरकार ने जो भी कार्य किए, चाहे सुरक्षा के लिए, चाहे रोजगार के लिए, चाहे वेलफेयर स्कीम जिससे वंचितों को लाभ मिले, महिला कल्याण क्षेत्र में जो कार्य हुए, आस्था को सम्मान देने के जो कार्य हुए, इसी से उत्तर प्रदेश को नई पहचान मिलनी प्रारम्भ हुई.

यूपी की पहचान कानून व्यवस्था से

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि यही तो वो प्रदेश है, इस समय रमज़ान, ईद के साथ नवरात्र भी मनाया जा रहा है. कहीं कोई हलचल है क्या? शालीनता के साथ सारे पर्व त्योहार मनाए जा रहे हैं. यही है सुरक्षा का एहसास. उत्तर प्रदेश अब दंगा मुक्त है. आज यूपी की पहचान कानून व्यवस्था से हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 साल में यूपी का तेजी से विकास हुआ. पिछले 9 साल में 9 लाख सरकारी नौकरी दी. सिर्फ पुलिस विभाग में दो लाख से ज्यादा भर्तियां की गई.

अब हमारा अन्नदाता आत्महत्या नहीं करता 

मुख्यमंत्री ने कहा उत्तर प्रदेश में सरकार ने पहला निर्णय अन्नदाता किसानों के लिए लिया था, वह निर्णय ऋण माफी का था. ऋण माफी से आज किसान सम्मान निधि तक की इस यात्रा में उत्तर प्रदेश की ग्रोथ रेट एग्रीकल्चर के क्षेत्र में अभूतपूर्व है. साढ़े आठ प्रतिशत से बढ़कर के यह 18 फीसदी हुआ है. 18 फीसदी देश के अंदर आज के दिन पर उत्तर प्रदेश कृषि विकास के सबसे तेज गति के साथ आगे बढ़ने वाला राज्य है. अब हमारा अन्नदाता किसान आत्महत्या नहीं करता है. अकेले गन्ना किसानों के बारे में जो चर्चा हो रही थी, याद करिए 2012 से लेकर के 2017 के बीच कुल 95 हजार करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ. हमने 17 से अब तक इन नौ वर्षों में 3 लाख 16 हजार 800 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य का भुगतान अन्नदाता किसान को किया है. कोई तुलना है 95 हजार में और 3 लाख 16 हजार 800 करोड़ रुपये में? यह है परिवर्तन.

उत्तर प्रदेश आज इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश भी बना

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टमेंट के लिए उत्तर प्रदेश में 2017 के पहले कोई इन्वेस्टर नहीं आता था, क्योंकि इन्वेस्टमेंट के लिए सुरक्षा चाहिए, पॉलिसी चाहिए. इन्वेस्टमेंट के लिए पॉलिसी के साथ-साथ लैंड बैंक चाहिए और लैंड बैंक के साथ-साथ सरकार की नियत भी चाहिए. याद करिए 20 17 के पहले 1947 से लेकर के 2017 तक उत्तर प्रदेश के अंदर बामुश्किल से 14,000 से भी कम उद्योग थे और आज अब तक हमारे पास 31,000 तो बड़े उद्योग लग चुके हैं. 96 लाख एमएसएमई यूनिट हैं, यूपी के अंदर आज के दिन पर कार्यरत हैं. एमएसएमई यूनिट में 3 करोड़ 11 लाख से अधिक लोग कार्य कर रहे हैं और हमारे जो उत्तर प्रदेश के अंदर 31,000 से अधिक बड़े जो भी उद्योग लगे हैं, इन उद्योगों में भी 65 लाख से अधिक लोग कार्य कर रहे हैं.

देश का 55 फीसदी मोबाइल का मैन्युफैक्चरिंग यूपी कर रहा है

इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का जो 60 फीसदी निर्माण देश के अंदर हो रहा है वो यूपी में नहीं हो पाता, क्योंकि मुख्यमंत्री के लिए तो नोएडा जाना एक अपशकुन बना दिया था. वो अपशकुन यूपी के लिए बनाया गया था, मुख्यमंत्री उसका एक माध्यम बना था. हम लोगों ने कहा ये अपशकुन को उखाड़ फेंकेंगे, विकास में इसको बाधा नहीं बनने देंगे. आज हम लोगों ने उसको भी दूर किया है, उत्तर प्रदेश बेहतरीन डेस्टिनेशन बनकर के निवेश का आगे बढ़ा है.

वे नोएडा नहीं जाते थे

मख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने के बाद कोई सीएम नोएडा नहीं जाता था, क्योंकि उनको लगता था नोएडा जाएंगे तो कुर्सी से उतर जाएंगे. जब मैं आया और मुख्यमंत्री बना, मुझे मुख्यमंत्री का दायित्व दिया गया, तो मैंने कहा कि नोएडा जाएंगे. लोगों ने कहा मुख्यमंत्री नोएडा जाता है तो हट जाता है. मैंने कहा भी कुर्सी बाद में जाए, आज जाए अच्छा. आज ही चली जाए, लेकिन नोएडा जाएंगे.

अगर प्रदेश का भला होगा तो हम नोएडा जाएंगे और नोएडा के विकास की जो वहां पर बैरियर हैं, इन बैरियर को हटाएंगे.

क्या कहा ब्रजेश पाठक ने

पुस्तक विमोचन के मौके पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि अच्छे दिनों की तुलना करेंगे, तब सच्चाई पता चलेगी. पहले टूटी सड़कें मिलते ही कहते थे कि यूपी आ गया. पहले लाइट इटावा और सैफई जाती थी, बाकी बची बिजली रामपुर के चचा के यहां भेज दी जाती थी. खाद्यान्न को माफियाओं को ठेका दे दिया था, ठेके पर नकल कराई जाती थी. आज हमने किसी माफिया को नहीं छोड़ा. अस्पताल और चिकित्सक लगातार बढ़े हैं. 2017 से पहले सब नष्ट हो चुका था. हमारे रिश्तेदारों को दूसरे स्टेट में कमरा नहीं मिलता था. गुंडों के प्रदेश के रूप में बना दिया गया था. 4 बार पापा और एक बार भैया सरकार में रहे हैं. सपा और दो बार हमारी सरकार की तुलना कर लीजिए. आज हमारी बेटी रात में 12 बजे भी निकले तो कोई दिक्कत नहीं. प्रदेश में एक भी माफिया नहीं, अब जीरो हो चुका है. सत्ता सुविधा के लिए नहीं सेवा के लिए है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP