गांव वाले चूल्हे जैसा सोंधा स्वाद अब घर में, आग पर भुने आलू टमाटर से बनाएं चटपटा देसी भर्ता जो हर कौर में देगा स्मोकी मजा

Share to your loved once


Smoky Indian Bharta Recipe: घर की किचन में रोज वही दाल और सब्जी बनते-बनते कई बार मन ऊब जाता है. ऐसे में दिल चाहता है कि कुछ ऐसा खाया जाए जो सिंपल भी हो, जल्दी बन जाए और स्वाद ऐसा दे कि खाने का मजा दोगुना हो जाए. देसी किचन की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यहां साधारण चीजों से भी लाजवाब डिश बन जाती है, अगर आपके किचन में आलू और टमाटर हैं, तो समझ लीजिए कि एक बेहद स्वादिष्ट भर्ता बनने वाला है. बैंगन का भर्ता तो लगभग हर घर में बनता है, लेकिन आलू और टमाटर को आग पर भूनकर बनाया गया भर्ता बहुत कम लोग ट्राई करते हैं. जब टमाटर, लहसुन और मिर्च सीधे आग पर रोस्ट होते हैं, तो उनमें एक खास तरह की सोंधी खुशबू और स्मोकी स्वाद आ जाता है.

यही स्वाद इस भर्ते को खास बनाता है. गांव में चूल्हे पर बनने वाला यह भर्ता आज भी लोगों को बहुत पसंद आता है. इसे बनाने में ज्यादा मसाले भी नहीं लगते और समय भी बहुत कम लगता है, अगर आप भी अपनी थाली में कुछ नया और चटपटा जोड़ना चाहते हैं, तो यह देसी स्टाइल आलू-टमाटर भर्ता आपके लिए एक शानदार ऑप्शन बन सकता है.

आलू-टमाटर भर्ता बनाने के लिए जरूरी चीजें
इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें लगभग हर घर की किचन में मिल जाती हैं.
-उबले आलू – 3 से 4
-लाल पके टमाटर – 3 से 4
-लहसुन – 5 से 6 कलियां
-हरी मिर्च – 2 से 3
-प्याज – 1 बड़ा (बारीक कटा)
-हरा धनिया – थोड़ा सा
-सरसों का तेल – 1 से 2 चम्मच
-नींबू का रस – आधा चम्मच
-नमक – स्वाद के हिसाब से

स्मोकी फ्लेवर के लिए ऐसे करें रोस्ट
1. सबसे पहले टमाटर, हरी मिर्च और लहसुन की कलियों पर हल्का सा तेल लगा लें. अब गैस पर जाली रखकर इन चीजों को मध्यम आंच पर भूनें. बीच-बीच में इन्हें पलटते रहें ताकि हर तरफ से अच्छे से सिक जाएं. जब टमाटर और लहसुन का छिलका हल्का काला होने लगे, तब समझ लें कि सही तरह से रोस्ट हो गए हैं.

2. आग पर भूनने से इन चीजों में जो स्मोकी फ्लेवर आता है, वही इस भर्ते का असली मजा होता है. यही कारण है कि इस रेसिपी का स्वाद सामान्य सब्जी से काफी अलग लगता है.

आलू को हल्का सा सेंकना क्यों जरूरी
1. कच्चे आलू को सीधे आग पर भूनने में समय ज्यादा लगता है और कई बार अंदर से कच्चे रह जाते हैं. इसलिए पहले आलू उबाल लेना बेहतर रहता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

2. उबले आलू को भी जाली पर 2 से 3 मिनट हल्का सा सेंक लें. इससे उनमें भी हल्की सोंधी खुशबू आ जाती है और भर्ते का स्वाद और बढ़ जाता है.

ऐसे तैयार करें असली देसी भर्ता
1. जब रोस्ट की हुई चीजें ठंडी हो जाएं, तो टमाटर और लहसुन का जला हुआ छिलका धीरे-धीरे हटा लें.

2. अब एक बड़े बर्तन में उबले आलू, टमाटर, लहसुन और हरी मिर्च डालकर हाथों से अच्छी तरह मसल लें. चाहें तो मैशर भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

ध्यान रखें कि इसे मिक्सी में न पीसें, क्योंकि हाथ से मैश करने पर भर्ते का टेक्सचर ज्यादा अच्छा आता है.

अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और नमक डाल दें. इसके बाद 1 से 2 चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालें. यही तेल इस भर्ते को असली देसी स्वाद देता है. आखिर में थोड़ा सा नींबू का रस डालकर सब चीजों को अच्छी तरह मिला लें.

किसके साथ खाएं यह भर्ता
आलू-टमाटर का यह चटपटा भर्ता कई चीजों के साथ शानदार लगता है.
-गर्म रोटी
-घी लगी फुलका
-सत्तू का पराठा
-दाल-चावल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP