जसप्रीत बुमराह की नजरें दोहरे शतक पर, 200 के आंकड़े से 17 कदम दूर, 2 और खिलाड़ी रिकॉर्ड की दहलीज पर

Share to your loved once


होमखेलक्रिकेट

जसप्रीत बुमराह की नजरें दोहरे शतक पर, 200 के आंकड़े से 17 कदम दूर

Last Updated:

इस सीजन तीन दिग्गज भुवनेश्वर कुमार,  सुनील नारेन और जसप्रीत बुमराह  इस ऐतिहासिक मुकाम के बेहद करीब हैं.  तीनों की गेंदबाजी शैली अलग है, लेकिन लक्ष्य एक ही 200 विकेट का आंकड़ा छूकर इतिहास में नाम दर्ज कराना. 

जसप्रीत बुमराह की नजरें दोहरे शतक पर, 200 के आंकड़े से 17 कदम दूरZoom

आईपील 2026 में 3 गेंदबाज बुमराह, सुनील नरेन और भुवनेश्वर कुमार की हो सकती है 200 क्लब में एंट्री

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग का मंच हमेशा से बल्लेबाजों के चौकों-छक्कों और बड़े स्कोर के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन हर सीजन कुछ गेंदबाज ऐसे भी उभरते हैं जो अपनी कला से इस चमक-दमक के बीच अलग पहचान बना लेते हैं.  इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) की शुरुआत से पहले इस बार चर्चा सिर्फ रन बनाने वालों की नहीं, बल्कि उन गेंदबाजों की भी है जो इतिहास के बेहद करीब खड़े हैं.  आईपीएल के 18 साल के सफर में अब तक केवल यजुवेंद्र चहल ही 200 विकेट के जादुई आंकड़े को पार कर पाए हैं, लेकिन अब यह एक्सक्लूसिव क्लब बड़ा होने के लिए तैयार है.

इस सीजन तीन दिग्गज भुवनेश्वर कुमार,  सुनील नारेन और जसप्रीत बुमराह  इस ऐतिहासिक मुकाम के बेहद करीब हैं.  तीनों की गेंदबाजी शैली अलग है, लेकिन लक्ष्य एक ही 200 विकेट का आंकड़ा छूकर इतिहास में नाम दर्ज कराना.

200 विकेट से 17 कदम दूर

मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं.  उनके नाम 183 विकेट हैं और उन्हें 17 विकेट की जरूरत है. यह लक्ष्य थोड़ा चुनौतीपूर्ण जरूर दिखता है, लेकिन बुमराह की काबिलियत को देखते हुए इसे असंभव नहीं कहा जा सकता.  यॉर्कर किंग के नाम से मशहूर बुमराह पिछले 9 सीजन से लगातार 15 या उससे ज्यादा विकेट लेते आ रहे हैं.  IPL 2025 में उन्होंने 12 मैचों में 18 विकेट झटके थे और हाल ही में T20 World Cup 2026 में 14 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. आकाश चोपड़ा का मानना है कि बुमराह इस सीजन पर्पल कैप के मजबूत दावेदार हो सकते हैं अगर ऐसा होता है तो उनका 200 विकेट तक पहुंचना लगभग तय हो जाएगा.

सुनील के पास मौका 

कोलकाता नाइटराइडर्स  के मिस्ट्री स्पिनर सुनील नरेन भी इस उपलब्धि से ज्यादा दूर नहीं हैं. 192 विकेट के साथ उन्हें सिर्फ 8 विकेट की जरूरत है. नरेन की खासियत उनकी किफायती गेंदबाजी और दबाव में विकेट निकालने की क्षमता है.  पिछले सीजन में 17 विकेट लेकर उन्होंने यह साबित किया कि वह अब भी उतने ही खतरनाक हैं. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले विदेशी गेंदबाज बन सकते हैं.

भुवी का भोकाल 

भुवनेश्वर कुमार इस रेस में सबसे आगे नजर आते हैं उनके नाम 198 विकेट हैं और उन्हें सिर्फ 2 विकेट की दरकार है.  अलग अलग फ्रेंचाइज के लिए खेलते हुए उनकी स्विंग गेंदबाजी हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मुश्किल रही है. नई गेंद के साथ विकेट निकालने की उनकी क्षमता को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि सीजन के शुरुआती मैचों में ही वह इस मुकाम तक पहुंच जाएंगे. अगर ऐसा होता है तो वह आईपीएल इतिहास में 200 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज और पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन जाएंगे.

कुल मिलाकर, IPL 2026 सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि रिकॉर्ड्स का भी सीजन बनने जा रहा है.  जहां भुवनेश्वर कुमार इस ऐतिहासिक क्लब के दरवाजे पर खड़े हैं, वहीं सुनील नरेन और जसप्रीत बुमराह भी तेजी से उस ओर बढ़ रहे हैं.  अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि कौन सा गेंदबाज सबसे पहले 200 विकेट के इस खास मुकाम को हासिल करता है और आईपीएल इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कराता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP