कौन सी दिशा में रखें रिमोट और मोबाइल, क्या इनपर कवर लगाना सही है या गलत..यहां जानिए क्या कहता है वास्तुशास्त्र
बहुत से लोग घर में टीवी, एसी के रिमोट या मोबाइल को यूं ही कहीं भी रख देते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन्हें रखने का सही तरीका क्या है? खासकर जब लोग रिमोट या मोबाइल पर कवर लगा देते हैं. वास्तु शास्त्र में इसके बारे में क्या कहा गया है, इसकी जानकारी अक्सर लोगों को नहीं होती.
क्या कहता है वास्तुशास्त्र
Local18 से बातचीत में बल्लभगढ़ उदासीन आश्रम के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य ने बताया कि लोग रिमोट या मोबाइल पर कवर इसलिए लगाते हैं, ताकि वे सुरक्षित रहें, ज्यादा समय तक चलें और उन पर लिखे अक्षर मिटें नहीं. लेकिन वास्तु के अनुसार यह सही नहीं है. कवर लगाना गलत माना गया है, चाहे वह रिमोट हो, मोबाइल हो या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण. इन्हें साफ-सुथरा और व्यवस्थित तरीके से रखना चाहिए.
उन्होंने बताया कि रिमोट या मोबाइल, राहु की नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं और यदि इन्हें ढककर रखा जाए तो यह नकारात्मकता और बढ़ सकती है.
रिमोट या मोबाइल को हमेशा दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखें
कामेश्वरानंद वेदांताचार्य के अनुसार, रिमोट या मोबाइल को हमेशा दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखना चाहिए. टीवी या एसी के रिमोट को टीवी के नीचे सलीके से या किसी स्टैंड पर रख दें. मोबाइल को भी एक निश्चित और साफ जगह पर रखें. यदि दिशा की जानकारी न हो, तो कम से कम सफाई और व्यवस्थित रखने का ध्यान जरूर रखें.
अगर आप रिमोट या मोबाइल को इधर-उधर फेंकते हैं या ढककर रखते हैं, तो वास्तु के अनुसार घर में राहु की नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है. इसका असर आपकी आर्थिक स्थिति पर भी पड़ सकता है और घर में पैसों की कमी हो सकती है.
लोगों को लगता है कि कवर लगाने से चीजें ज्यादा समय तक चलती हैं, अक्षर नहीं मिटते और इलेक्ट्रॉनिक सामान खराब नहीं होता, लेकिन महंत के अनुसार यह केवल एक भ्रम है. आजकल कोई भी चीज ज्यादा लंबे समय तक नहीं चलती, चाहे उसकी कितनी भी देखभाल क्यों न की जाए.
क्या है सलाह
इसलिए एक बात ध्यान रखें कि रिमोट या मोबाइल पर कवर न लगाएं और इन्हें साफ, खुला और व्यवस्थित रखें. वास्तु में भी यही सलाह दी गई है.