रील देखने से रोका तो दोस्त का मर्डर. ग्वालियर में सिर पर दनादन डंडे मारे
Last Updated:
ग्वालियर के मोहना बायपास पर मोबाइल पर रील देखने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने जिगरी दोस्त की डंडे से पीटकर हत्या कर दी. दोनों ने पहले साथ में शराब पी थी, जिसके बाद मामूली झगड़ा हिंसक बन गया. आरोपी वारदात के बाद जंगल में छिप गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

ग्वालियर में हुए मर्डर में पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है.
ग्वालियर. जिले के मोहना थाना क्षेत्र में मोबाइल छीनने और रील देखने से रोकने पर नाराज जिगरी दोस्त ने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने डंडे से सिर पर लगातार वार कर दोस्त को मौत के घाट उतार दिया. रविवार शाम करीब 6 बजे मोहना बायपास पर अजीत नायक भोजनालय के सामने यह वारदात हुई. पुलिस के अनुसार मुरैना के न्यू आमपुरा निवासी ऋषिकेश सिकरवार अपने दोस्त दीपक शाक्य के साथ काम की तलाश में ग्वालियर आया था. दोनों बेहद करीबी बताए जा रहे हैं. दिनभर काम की तलाश के बाद शाम को दोनों ने बायपास पर शराब पी और खाना खाया था. पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मोहना थाना टीआइ रशीद खान ने बताया कि शराब के नशे में दीपक मोबाइल पर रील देख रहा था. इसी दौरान ऋषिकेश ने मजाक में उसका मोबाइल छीन लिया. इस बात पर दीपक भड़क गया. दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई. नशे के सुरूर में विवाद बढ़ गया. गुस्से में दीपक ने सड़क किनारे पड़ा बबूल का डंडा उठाया. उसने ऋषिकेश के सिर पर ताबड़तोड़ 12-13 वार किए. वार इतने जोरदार थे कि ऋषिकेश मौके पर ही गिर पड़ा. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद जंगल में भागा, रात भर तलाश हुई
मोहना थाना टीआइ रशीद खान का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग निकला. वह नंगे पैर जंगल में घुस गया था. उसने वैष्णो देवी मंदिर के पास छिपने की कोशिश की थी. पुलिस टीमों को तुरंत लगाया गया और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत है और लोग तरह तरह की बातें कर रहे हैं. सूचना मिलते ही मोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. सोमवार सुबह पुलिस ने आरोपी दीपक शाक्य को जंगल से गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बरामद किया गया.
मोबाइल की लत और शराब के नशे में बन गया हैवान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटें मौत की वजह बताई गईं. पुलिस के अनुसार मामला मोबाइल पर रील देखने की लत और शराब नशे में की गई हत्या का है. किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है. मामले में सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान जुटाए जा रहे हैं. मामूली विवाद ने दोस्ती को खत्म कर दिया. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें