टीम इंडिया का ‘बदनाम’ क्रिकेटर, रन लुटाने के मामले में था कुख्यात, फिर बीजेपी के टिकट पर लड़ेगा चुनाव
Last Updated:
ashok dinda bjp west bengal assembly elections: पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा को एक बार फिर बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दिया है. अशोक डिंडा को बीजेपी ने मोयना सीट से उम्मीदवार घोषित किया है. डिंडा इसी सीट से पिछली बार चुनाव लड़कर विधायक बने थे. अब एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है.

अशोक डिंडा को बीजेपी ने मोयना सीट से बनाया उम्मीदवार.
नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इसमें पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा भी शामिल हैं. अशोक डिंडा पर बीजेपी ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें इस बार भी उम्मीदवार बनाया है. अशोक डिंडा मोयना सीट के लिए चुनावी मैदान में उतरकर जीत की हुंकार भरेंगे. 2021 में इस सीट पर चुनाव लड़कर अशोक डिंडा ने जीत दर्ज की और विधायक बने. अब लगातार दूसरी बार वह जीत का परचम लहराने उतरेंगे. सियासत की पिच पर आने से पहले अशोक डिंडा भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेले. हालांकि, उनका करियर कुछ खास नहीं रहा.
2009 में हुआ था डेब्यू
अशोक डिंडा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू साल 2009 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में किया था. उन्हें टी20 इंटरनेशनल मैच में श्रीलंका के खिलाफ मैच में मौका मिला. इसके अगले ही साल उन्होंने वनडे डेब्यू भी कर लिया. जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना पहला वनडे मुकाबला खेला. हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उन्हें कभी जगह नहीं मिल पाई. वह भारत के लिए दो फॉर्मेट खेले जरूर, लेकिन प्रदर्शन न कर पाने के बाद उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और टीम से बाहर कर दिया गया. आखिरी बार डिंडा 2013 में टीम इंडिया की जर्सी में नजर आए, जब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे खेला.
अशोक डिंडा को बीजेपी ने मोयना सीट से बनाया उम्मीदवार.
डिंडा को लेकर बनते हैं खूब मीम
अशोक डिंडा को लेकर सोशल मीडिया पर खूब मीम बनते हैं. इसकी वजह उनके आईपीएल और इंटरनेशनल मैचों में महंगे ओवर डालना है. अशोक डिंडा ने भारत के लिए खेले कई मुकाबलों में जमकर रन लुटाए थे, जिसके बाद उन्हें ट्रोल किया गया. वहीं, आईपीएल के दौरान भी कई मौकों पर ऐसा देखने को मिला. करियर के दौरान तो उन्हें लेकर मीम बने ही. उनके संन्यास लेने के बाद भी यह सिलसिला थमा नहीं. आज सोशल मीडिया पर एक मजाकिया ट्रेंड बना हुआ है, जिसे ‘Dinda Academy’ के नाम से जाना जाता है. जब कोई गेंदबाज एक ओवर में बहुत रन दे देता है, तो फैंस मजाक में कहते हैं कि वह ‘डिंडा अकादमी’ का स्टूडेंट है. इसके अलावा और भी तरह-तरह के मीम्स बनाए जाते हैं.
ऐसा रहा करियर
अशोक डिंडा का इंटरनेशनल करियर सिर्फ चार साल का ही रहा. इस दौरान उन्होंने 13 वनडे मैच खेले, जिसमें 6.18 की इकॉनमी के साथ 12 विकेट चटकाए. उनका बेस्ट प्रदर्शन 44 रन देकर दो विकेट लेना रहा. वहीं, 9 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 17 विकेट जरूर लिए, लेकिन 8 से ज्यादा की इकॉनमी से रन लुटाए. इस फॉर्मेट में उनका बेस्ट प्रदर्शन 4/19 है. फर्स्ट क्लास में अशोक डिंडा के आंकड़े शानदार रहे. उन्होंने 116 फर्स्ट क्लास मैचों में 420 बल्लेबाजों को आउट किया. लिस्ट-ए में 98 मैचों के दौरान उन्होंने 151 विकेट झटके. डिंडा ने 78 आईपीएल मैच भी खेले, जिनमें 69 विकेट हासिल किए.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें