इस बार IPL की तरह रोमांचक होगा UP टी-20 लीग, 6 नहीं.. इतनी टीमें होंगी आमने-सामने, कई सेलिब्रिटी भी शामिल
Last Updated:
Kanpur News: इस साल यूपी टी-20 लीग और भी ज्यादा रोमांचक होने जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, इस बार टीम के साथ एक मेंटर जोड़ा जाएगा, जो मैदान में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएगा और उन्हें मार्गदर्शन भी देगा. इसमें कई अभिनेता से लेकर फेमस सेलिब्रिटी शामिल होंगे.
कानपुर: उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रेमियों के लिए इस साल यूपी टी-20 लीग और भी ज्यादा रोमांचक होने जा रही है. उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने लीग को और बड़ा और आकर्षक बनाने की पूरी तैयारी कर ली है. इस बार लीग में कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी नया अनुभव मिल सके. खास बात यह है कि पहली बार हर टीम के साथ एक मेंटर जोड़ा जाएगा, जो मैदान में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएगा और उन्हें मार्गदर्शन भी देगा.
यूपीसीए के पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार लीग को बिल्कुल नए अंदाज में आयोजित किया जाएगा. कोशिश यह है कि स्टेडियम में ज्यादा से ज्यादा दर्शक पहुंचे और मैचों का माहौल आईपीएल की तरह जोशीला दिखाई दे. इसी को ध्यान में रखते हुए आयोजन से लेकर खिलाड़ियों की प्रस्तुति तक कई बदलाव किए जा रहे हैं.
टीमों के साथ दिखेंगे फिल्मी सितारे
इस बार यूपी टी-20 लीग को ग्लैमर से भी जोड़ा जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, कुछ नामी फिल्मी हस्तियों को टीमों का मेंटर बनाने की योजना तैयार की गई है. गोरखपुर की टीम के साथ सांसद और अभिनेता रवि किशन पहले ही मेंटर के तौर पर जुड़ चुके हैं. इसके अलावा अन्य टीमों के लिए भी फिल्म जगत के कई बड़े नामों से बातचीत चल रही है.
बताया जा रहा है कि अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज, अभिनेता सुनील शेट्टी और संजय दत्त जैसे कलाकारों से भी संपर्क किया गया है. अगर ये नाम लीग से जुड़ते हैं, तो दर्शकों के लिए यह टूर्नामेंट और ज्यादा आकर्षक हो जाएगा. आयोजकों का मानना है कि इससे स्टेडियम में दर्शकों की संख्या बढ़ेगी और खिलाड़ियों का उत्साह भी दोगुना होगा.
ग्रीनपार्क और इकाना बनेंगे मुख्य केंद्र
लीग के अधिकतर मुकाबले कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम और लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कराए जाने की योजना है. इन दोनों मैदानों को बड़े मैचों के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है. यहां दर्शकों के बैठने की अच्छी व्यवस्था और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं. यूपीसीए के पदाधिकारियों के अनुसार, अगर परिस्थितियां ठीक रहीं तो वाराणसी के नए बने स्टेडियम में भी कुछ मैच आयोजित किए जा सकते हैं. इससे प्रदेश के अलग-अलग शहरों के क्रिकेट प्रेमियों को भी लीग का रोमांच देखने का मौका मिलेगा.
छह नहीं, अब आठ टीमें खेलेंगी लीग
इस बार यूपी टी-20 लीग का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है. अब तक इस लीग में छह टीमें हिस्सा लेती थीं, लेकिन इस बार दो नई टीमों को शामिल करने की तैयारी है. यानी मैदान पर कुल आठ टीमें आमने-सामने होंगी और मुकाबले पहले से ज्यादा रोमांचक बनेंगे. ज्यादा टीमों के शामिल होने से खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा. साथ ही प्रदेश के अलग-अलग शहरों के युवा क्रिकेटरों को लीग में खेलने का मौका मिल सकेगा.
यूपीसीए के गवर्निंग कमेटी के सीनियर मेंबर संजीव कुमार सिंह ने बताया कि लीग का पूरा शेड्यूल जल्द ही जारी कर दिया जाएगा. फिलहाल योजना है कि सभी मुकाबले अगस्त महीने में कराए जाएं. उम्मीद की जा रही है कि इस बार यूपी टी-20 लीग प्रदेश के क्रिकेट कैलेंडर का सबसे बड़ा आकर्षण बनेगी और स्टेडियम में दर्शकों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिलेगी.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.