गर्मी में 5 मिनट का देसी ‘पावर नाश्ता’! पेट भी रहेगा ठंडा और दिनभर मिलेगी एनर्जी
Last Updated:
Summer Healthy Breakfast Idea: गर्मियों में हल्का, ठंडक देने वाला और जल्दी बनने वाला नाश्ता ढूंढ रहे हैं तो बघेलखंड का दही-चूड़ा बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह पारंपरिक देसी नाश्ता सिर्फ 5 मिनट में तैयार हो जाता है और शरीर को ठंडक देने के साथ भरपूर ऊर्जा भी देता है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन को बेहतर बनाते हैं जबकि चूड़ा शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करता है. बघेलखंड क्षेत्र में यह नाश्ता लंबे समय से गर्मियों के दौरान लोगों की पहली पसंद रहा है. आइए जानते हैं दही-चूड़ा बनाने का आसान तरीका और इसके स्वास्थ्य से जुड़े फायदे.
शिवांक द्विवेदी, सतना: भीषण गर्मी के मौसम में जब लोग हल्का, पौष्टिक और जल्दी बनने वाला नाश्ता तलाशते हैं तब बघेलखंडी स्टाइल में बनने वाला देसी दही चूड़ा एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आता है. यह नाश्ता सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती. मात्र 5 मिनट में तैयार होने वाला यह नाश्ता शरीर को ठंडक देता है और दिनभर के लिए ऊर्जा भी प्रदान करता है.
5 मिनट में कैसे बनाएं नाश्ता
लोकल 18 से बातचीत करते हुए स्थानीय निवासी उर्मिला मिश्रा ने बताया कि नाश्ते के कई विकल्प होते हैं लेकिन दही-चूड़ा सबसे आसान और जल्दी बनने वाला नाश्ता है. उन्होंने कहा कि घर में मौजूद सामग्री से ही यह तैयार हो जाता है और ज्यादा समय भी नहीं लगता. साथ ही यह शरीर को हेल्दी डाइट भी देता है. उनका कहना है कि गर्मियों में जब भारी भोजन खाने का मन नहीं करता तब दही-चूड़ा एक अच्छा और हल्का विकल्प बन जाता है.
इसे बनाने की प्रक्रिया भी बेहद आसान है सबसे पहले एक कप पोहा लेकर उसे साफ पानी से हल्के हाथों से धो लिया जाता है ताकि उसमें मौजूद धूल या गंदगी निकल जाए. इसके बाद चूड़े को छलनी में 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दिया जाता है जिससे एक्स्ट्रा पानी निकल जाए और चूड़ा नरम हो जाए. इसके बाद एक कटोरे में ताजा और गाढ़ा दही लिया जाता है और उसमें स्वाद के अनुसार गुड़ या चीनी मिलाई जाती है. फिर भीगा हुआ चूड़ा दही में डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. स्वाद और पोषण बढ़ाने के लिए इसमें कटे हुए केले, आम या इलायची पाउडर भी डाला जा सकता है. इस तरह यह पौष्टिक और ठंडक देने वाला नाश्ता कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाता है.
बघेलखंड में गर्मियों का पसंदीदा नाश्ता
बघेलखंड क्षेत्र में दही-चूड़ा लंबे समय से गर्मियों के मौसम में पसंदीदा नाश्ते के रूप में खाया जाता रहा है. ग्रामीण इलाकों में यह सुबह के हल्के भोजन के रूप में काफी लोकप्रिय है क्योंकि इसे बनाने के लिए ज्यादा संसाधनों की जरूरत नहीं होती. चूड़ा और दही लगभग हर घर में आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं इसलिए लोग जल्दी और सस्ता नाश्ता तैयार कर लेते हैं. गर्मी के दिनों में यह पेट को ठंडक देता है और शरीर को हल्का महसूस कराता है जिससे दिनभर काम करने में भी आसानी रहती है.
पाचन के लिए फायदेमंद और ऊर्जा से भरपूर
दही-चूड़ा सिर्फ स्वाद का ही नहीं बल्कि सेहत का भी खजाना माना जाता है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक तत्व पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और पेट को ठंडक पहुंचाते हैं. वहीं चूड़ा कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत होता है जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करता है. इस वजह से गर्मियों में यह नाश्ता शरीर को संतुलित रखने में मदद करता है. फिटनेस और जिम लवर्स तो ठीक ही ठीक, कई लोग तो इसे पेट से जुड़ी समस्याओं जैसे अपच या पेट खराब होने की स्थिति में भी हल्के भोजन के रूप में लेते हैं.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें