क्रिकेट की दुनिया के 5 बल्लेबाज… जिन्होंने टेस्ट में बनाए 13 हजार से ज्यादा रन, वर्ल्ड के हर गेंदबाज ने टेके घुटने

Share to your loved once


नई दिल्ली. टेस्ट क्रिकेट के 149 साल लंबे इतिहास में रनों का ‘एवरेस्ट’ फतह करना हर किसी के बस की बात नहीं है. 13,000 टेस्ट रनों का आंकड़ा वह जादुई दहलीज है. जिसे पार करने के लिए केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि फौलादी धैर्य और दशकों की तपस्या चाहिए होती है. अब तक दुनिया के गिने-चुने पांच महारथी सचिन तेंदुलकर, जो रूट, रिकी पोंटिंग, राहुल द्रविड़ और जैक कैलिस ही इस एलीट क्लब में अपनी जगह बना पाए हैं. यह आंकड़े इन दिग्गजों के अटूट जुनून और खेल के प्रति उनके समर्पण की गवाही देते हैं.

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं. उन्होंने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाए हैं. सचिन का करियर 24 सालों तक चला, जिसमें उन्होंने 51 शतक और 68 अर्धशतक जड़े. उनकी तकनीक की खूबसूरती और खेल के प्रति समर्पण ही था कि उन्होंने दुनिया के हर कोने और हर महान गेंदबाज के खिलाफ रन बनाए. 13,000 का आंकड़ा छूने वाले वे दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं.

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज.

रूट ने पोंटिंग, कैलिस और द्रविड़ को पीछे छोड़ा
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में रनों का नया ‘महा-साम्राज्य’ खड़ा कर दिया है. 13,000 टेस्ट रनों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करने के साथ ही वह अब महान सचिन तेंदुलकर के बाद टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. रूट ने रिकी पोंटिंग, राहुल द्रविड़ और जैक्स कैलिस जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए यह गौरवशाली मुकाम हासिल किया है. अपनी जबरदस्त निरंतरता और रन बनाने की भूख के चलते रूट अब सचिन के 15,921 रनों के ‘अजेय’ विश्व रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचते नजर आ रहे हैं.रूट ने 163 टेस्ट मैचों में 13943 रन बनाए हैं जिसमें 41 शतक शामिल हैं.

पोंटिंग ने 168 टेस्ट मैचों में 13,378 रन बनाए
ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल कप्तान और महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं. ‘पंटर’ के नाम से मशहूर पोंटिंग ने 168 टेस्ट मैचों में 13,378 रन बनाए. उनके पुल शॉट और आक्रामक बल्लेबाजी का कोई सानी नहीं था. पोंटिंग ने अपने करियर में 41 शतक जड़े और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के ‘स्वर्ण युग’ का नेतृत्व किया. उनकी निरंतरता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत थी.

कैलिस को क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा ऑलराउंडर माना जाता है
जैक कैलिस को क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा ऑलराउंडर माना जाता है. उन्होंने न केवल 166 टेस्ट मैचों में 13,289 रन बनाए, बल्कि 292 विकेट भी चटकाए. कैलिस की बल्लेबाजी चट्टान की तरह थी, जिसे तोड़ना गेंदबाजों के लिए नामुमकिन सा लगता था. उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 45 शतक लगाए. उनके आंकड़े बताते हैं कि वे एक बल्लेबाज के तौर पर भी उतने ही महान थे जितने कि किसी विशेषज्ञ बल्लेबाज.

राहुल द्रविड़ इस सूची में पांचवें पायदान पर हैं
भारतीय क्रिकेट की ‘द वॉल’ कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ इस सूची में पांचवें पायदान पर हैं. द्रविड़ ने 164 टेस्ट मैचों में 13,288 रन बनाए. उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंदे (31,258) खेलने का अनोखा रिकॉर्ड है. द्रविड़ का खेल धैर्य, एकाग्रता और अटूट तकनीक का मिश्रण था. जब टीम इंडिया संकट में होती थी, तब द्रविड़ अपनी बल्लेबाजी से दीवार बनकर खड़े हो जाते थे. उन्होंने अपने करियर में 36 शतक जड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP