कौन हैं 19 साल के मोकोएना…जिनकी रफ्तार में उड़ा न्यूजीलैंड, वर्ल्ड कप की हार का 11 दिन में लिया बदला, दक्षिण अफ्रीका की धमाकेदार जीत
Last Updated:
who is Nqobani Mokoena: 19 साल के डेब्यूटेंट नकोबानी मोकोएना के कातिलाना स्पेल (3/26) की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड टीम दक्षिण अफ्रीकी पेसर्स के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. पूरी टीम महज 91 रनों पर ढेर हो गई. जवाब में कॉनर एस्टरहुइजन की नाबाद 45 रनों की सधी हुई पारी ने दक्षिण अफ्रीका को 15वें ओवर में ही आसान जीत दिलाकर सीरीज में 1-0 की बढ़त दिला दी.

19 साल के बच्चे ने न्यूजीलैंड को हराया.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मिली हार का जख्म अभी ताजा ही था. दक्षिण अफ्रीका की एक ‘नई फौज’ ने महज 11 दिनों के भीतर न्यूजीलैंड से उस हार का हिसाब चुकता कर लिया. पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड टीम को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेलते हुए 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. इस जीत के हीरो रहे 19 वर्षीय डेब्यूटेंट तेज गेंदबाज नकोबानी मोकोएना. जिन्होंने अपनी रफ्तार और सटीकता से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने एक ऐसी पिच पर उतरने का फैसला किया, जहां उछाल और गति गेंदबाजों के पक्ष में थी. दक्षिण अफ्रीकी पेस बैटरी गेराल्ड कोएत्जी, ओटनील बार्टमैन और युवा नकोबानी मोकोएना ( Nqobani Mokoena ) ने मेजबान टीम के इस फैसले को गलत साबित करने में देर नहीं लगाई. पावरप्ले के 6 ओवर खत्म होते-होते न्यूजीलैंड की आधी टीम (36/5) पवेलियन लौट चुकी थी. कोएत्जी ने डेवोन कॉनवे और टॉम लैथम को चलता किया, तो वहीं बार्टमैन ने टिम रॉबिन्सन और निक केली के स्टंप्स बिखेर दिएय.न्यूजीलैंड के बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका की लेंथ और स्विंग के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए.
19 साल के बच्चे ने न्यूजीलैंड को हराया.
डेब्यूटेंट मोकोएना का ड्रीम स्पेल
अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 19 साल के नकोबानी मोकोएना ने अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया. उन्होंने न केवल नई गेंद के साथ दबाव बनाया, बल्कि जिमी नीशम (26 रन) जैसे अनुभवी खिलाड़ी का विकेट लेकर न्यूजीलैंड की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया. मोकोएना ने अपनी गेंदबाजी में मिश्रण करते हुए पहले नीशम को चकमा दिया और फिर जैक फॉल्क्स को अपनी तेजी से आउट किया. उन्होंने ही कोल मैककोन्ची को बाउंस पर फंसाकर कीवी पारी का अंत किया. मोकोएना ने 3.3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट चटकाए.
एस्टरहुइजन का सधा हुआ प्रहार
92 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने कड़ी टक्कर दी. हालांकि लक्ष्य छोटा था, लेकिन कीवी स्पिनर मिचेल सेंटनर ने अपनी फिरकी से प्रोटियाज बल्लेबाजों को बांधे रखा. सेंटनर ने 4 ओवर में मात्र 8 रन देकर 1 विकेट लिया. इस मुश्किल घड़ी में एक और नवागंतुक कॉनर एस्टरहुइजन ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 48 गेंदों में नाबाद 45 रनों की धैर्यपूर्ण पारी खेली और टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया. दक्षिण अफ्रीका ने 15वें ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
खिलाड़ियों की चोट ने बढ़ाई चिंता
जीत के बावजूद दक्षिण अफ्रीका के लिए चिंता की बात जॉर्डन हरमन की चोट रही, जो फील्डिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग स्ट्रेन के कारण बल्लेबाजी करने नहीं आ सके. वहीं न्यूजीलैंड के बेवन जैकब्स भी कैच लेने के प्रयास में घुटना चोटिल कर बैठे. न्यूजीलैंड की टीम 14.3 ओवर में 91 रन पर ऑल आउट हो गई. जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 16.4 ओवर में 3 विकेट पर 93/3 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली. दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें