महंगी सब्जियों का रिप्लेसमेंट बनती है ये खास चीज! बनाने में आसान, स्वाद ऐसा कि मेहमान भी मांगें बार-बार

Share to your loved once


Last Updated:

उड़द दाल की बड़ी किसी भी मौसम में बनाकर खाई जा सकती है. जब बाजार में सब्जियां महंगी होती हैं, तब लोग बड़ी की सब्जी बनाकर चावल या रोटी के साथ खाते हैं. टमाटर डालने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है. आइए जानते हैं, इसे किस तरह से बनाया जा सकता है.

मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में होली के बाद मौसम बदलते ही घरों की छतों और आंगनों में एक खास परंपरा शुरू हो जाती है. इन दिनों महिलाएं पारंपरिक तरीके से उड़द दाल की बड़ी बनाती हैं. दाल और मसालों से तैयार मिश्रण को छोटे-छोटे गोल आकार में बनाकर 3 से 4 दिन तक तेज धूप में सुखाया जाता है. अच्छी तरह सूखने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बों में भरकर सुरक्षित रख लिया जाता है, जिससे साल भर बड़ी की सब्जी बनाकर चावल या रोटी के साथ खाई जा सकती है.

विंध्य क्षेत्र में बड़ी बनाना सिर्फ स्वाद की बात नहीं, बल्कि घरेलू समझदारी से जुड़ी पुरानी परंपरा भी है. महिलाएं कुछ ही दिनों की मेहनत में साल भर के लिए बड़ी तैयार कर लेती हैं, जो महंगी सब्जियों के समय घरों में बड़ा सहारा बनती हैं.

कैसे बनाई जाती है उड़द दाल की बड़ी
रसोइया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि उड़द दाल की बड़ी बनाना बेहद आसान है. इसके लिए सबसे पहले उड़द दाल को 2 से 3 घंटे तक पानी में भिगोया जाता है. इसके बाद दाल को धोकर उसका पानी निकाल दिया जाता है और फिर इसमें हींग, अदरक, जीरा, लौंग, काली मिर्च, दालचीनी, साबुत धनिया, हरी मिर्च और नमक जैसे मसाले मिलाए जाते हैं. दाल को हल्का दरदरा पीसकर मिश्रण तैयार किया जाता है और इसे कुछ समय के लिए ढककर रख दिया जाता है, ताकि दाल अच्छी तरह फूल जाए.

पूरी तरह से सूखने के बाद तैयार हो जाती हैं बड़ी
प्रियंका ने आगे बताया अगले दिन इस मिश्रण में थोड़ा सा बेकिंग सोडा डालकर उसे अच्छी तरह फैंटा जाता है. जब मिश्रण हल्का और फूला हुआ हो जाए, तब हाथों में थोड़ा तेल लगाकर इसे छोटे-छोटे गोल आकार में थाली या प्लास्टिक शीट पर रखा जाता है. इसके बाद इन्हें 2 से 3 दिन तक धूप में सुखाया जाता है. पूरी तरह सूखने के बाद बड़ी तैयार हो जाती है और इन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है.

उड़द दाल की बड़ी किसी भी मौसम में बनाई और खाई जा सकती हैं. जब बाजार में सब्जियां महंगी हो जाती हैं, तब लोग बड़ी की सब्जी बनाकर चावल या रोटी के साथ खाते हैं. टमाटर डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. विंध्य क्षेत्र में लोग खासतौर पर इसे चावल के साथ खाना ज्यादा पसंद करते हैं.

पोषक तत्वों से भरपूर होती है उड़द दाल की बड़ी
आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. आर.पी. परौहा के अनुसार उड़द दाल पोषक तत्वों से भरपूर होती है. इसमें फाइबर, कॉपर, पोटैशियम, विटामिन बी-1 और जिंक जैसे तत्व पाए जाते हैं. इसके साथ ही इसमें कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद माने जाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP