गैस सिलेंडर की किल्लत सिर्फ अफवाह, जिला पूर्ति अधिकारी बोले- ‘पैनिक न हों, घर बैठे होगी डिलीवरी’
Last Updated:
Meerut LPG Gas Shortage News: मेरठ में ईरान-इजराइल युद्ध की अफवाहों के बीच घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर मचे हड़कंप पर जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक है, उपभोक्ता पैनिक न हों. इंडेन ग्राहक ‘इंडियन ऑयल वन’ ऐप के जरिए घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं. साथ ही, उन्होंने ई-केवाईसी के लिए उमड़ी भीड़ को धैर्य रखने और सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों से बचने की अपील की है.
Meerut LPG Gas Shortage News: पश्चिम एशिया में इजरायल, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब स्थानीय बाजारों में अफवाहों के रूप में दिखने लगा है. मेरठ में पिछले कुछ दिनों से घरेलू गैस की किल्लत और आपूर्ति बंद होने की खबरों ने आम जनता को पैनिक मोड में डाल दिया है. आलम यह है कि गैस एजेंसियों पर बुकिंग और ई-केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं. हालांकि, प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक है और जनता को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
अफवाहों पर न दें ध्यान, मेरठ में पर्याप्त है स्टॉक
लोकल-18 से खास बातचीत में जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) विनय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर चल रही गैस किल्लत की खबरें पूरी तरह निराधार हैं. उन्होंने बताया कि मेरठ में घरेलू गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है और प्रतिदिन नियमित रूप से उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. विभाग लगातार गैस एजेंसियों के स्टॉक की निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी न हो सके. साथ ही, उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान ना दें.
Indane ग्राहक ऐप से करें बुकिंग, घर आएगा सिलेंडर
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय तकनीक का सहारा लें. उपभोक्ता घबराएं नहीं और जल्दबाजी में बुकिंग न करें. यदि उनके घर में सिलेंडर में पर्याप्त एलपीजी बची है, तो उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है. साथ ही, उन्होंने कहा कि इंडेन गैस के ग्राहक ‘इंडियन ऑयल वन’ ऐप के जरिए आसानी से सिलेंडर बुक कर सकते हैं, जो उनके घर पर ही डिलीवर किया जाएगा.
साथ ही, यह भी साफ किया गया है कि बिना वैध पर्ची के सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होगी और ओवररेटिंग या ब्लैक मार्केटिंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
KYC के लिए उमड़ी भीड़, 3 साल बाद जागे उपभोक्ता
एजेंसियों पर दिख रही लंबी लाइनों का एक बड़ा कारण ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया भी है. जांच में सामने आया है कि बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं जिन्होंने पिछले तीन सालों से अपनी केवाईसी अपडेट नहीं कराई थी. अब युद्ध की आहट और सब्सिडी बंद होने जैसी अफवाहों के बीच लोग केवाईसी और एडवांस बुकिंग के लिए तत्परता दिखा रहे हैं.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें