nari contractor: छाती पर लगी गेंद, टूट गई पसली… फिर भी नहीं छोड़ा मैदान, नारी कॉन्ट्रैक्टर की दिलेरी याद कर भावुक हुए सुनील गावस्कर
Last Updated:
sunil Gavaskar recalls nari contractor bravery innings in 1959: नारी कॉन्ट्रैक्टर को मुंबई में आयोजित ‘स्पोर्टस्टार एसेस अवॉर्ड्स 2026’ में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया. महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने नारी कॉन्ट्रैक्टर को यह अवॉर्ड दिया. इसके साथ ही गावस्कर ने नारी कॉन्ट्रैक्टर की मैदान पर दिलेरी का एक किस्सा सुनाया, जब वह पसली टूटने के बाद भी घंटों तक बल्लेबाजी करते रहे. गावस्कर ने उनसे मिली करियर बदलने वाली सलाह का भी जिक्र किया.

नारी कॉन्ट्रैक्टर को ‘स्पोर्टस्टार एसेस अवॉर्ड्स 2026’ में मिला ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’.
नई दिल्ली. नारी कॉन्ट्रैक्टर, भारतीय क्रिकेट के वो नाम जो 1960 के दशक में सबसे सफल ओपनर बल्लेबाजों में शुमार रहा. एक स्टाइलिश बाएं हाथ का बल्लेबाज, जिन्हे रनों से ज्यादा उनकी उनकी सटीक तकनीक और गेंदबाजों का दिलेरी से सामना करने वाले दृढ़ संकल्प ने पहचान दिलाई. हालांकि, वह भारतीय क्रिकेट में ज्यादा योगदान नहीं दे सके. 1962 में सिर पर लगी एक गेंद ने उनके इंटरनेशनल करियर को खत्म कर दिया. इस पूर्व भारतीय कप्तान को मुंबई में आयोजित ‘स्पोर्टस्टार एसेस अवॉर्ड्स 2026’ में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया. महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने नारी कॉन्ट्रैक्टर को यह अवॉर्ड दिया. अवॉर्ड देने के बाद गावस्कर ने जब उनके लिए कुछ शब्द कहने के लिए माइक थामा तो वह भावुक हो गए. गावस्कर ने नारी कॉन्ट्रैक्टर की दिलेरी से बल्लेबाजी करने वाला एक किस्सा सुनाया.
गावस्कर ने कहा कि उनके लिए नारी कॉनट्रैक्टर को यह सम्मान देना बहस खास पल है. गावस्कर ने भावुक होते हुए कहा, ‘मेरे लिए यह बहुत बड़ा सम्मान है कि मैं यह अवॉर्ड नारी भाई को दे रहा हूं.’ कॉन्ट्रैक्टर की मिसाल याद करते हुए गावस्कर ने 1959 में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए एक टेस्ट मैच की एक घटना बताई, जिसने बचपन में उन पर गहरा असर डाला था. उन्होंने कहा, ‘पारी की शुरुआत में ही ब्रायन स्टेथम की गेंद उनके सीने पर लगी और उनकी एक पसली टूट गई, लेकिन इसके बाद भी वह दो-तीन घंटे तक बल्लेबाजी करते रहे और आखिर में 81 रन बनाकर आउट हुए. उस समय मैं सिर्फ गली में थोड़ा-बहुत क्रिकेट खेलता था, लेकिन यह देखकर मुझे बहुत प्रेरणा मिली.’
नारी कॉन्ट्रैक्टर को ‘स्पोर्टस्टार एसेस अवॉर्ड्स 2026’ में मिला ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’.
गावस्कर ने नारी कॉन्ट्रैक्टर से मिली एक सीख को याद करते हुए कहा, ‘अगर आपको ओपनिंग बल्लेबाज बनना है, तो दर्द सहने के लिए तैयार रहना होगा और अपने देश के लिए खेलना होगा. आपको जरूरत पड़े तो अपनी जान तक दांव पर लगाने के लिए तैयार रहना चाहिए.’
जब गावस्कर को मिली करियर बदल देने वाली सलाह
गावस्कर ने बताया कि नारी कॉन्ट्रैक्टर की एक सलाह ने उनके करियर पर गहरा असर डाला. गावस्कर ने कहा, ‘एक बार उन्होंने मुझसे कहा था – ‘सुनील, जब भी तुम अच्छा खेलो, तो उस दिन की हर बात एक डायरी में लिखो. सुबह उठने से लेकर सब कुछ- जैसे ब्रश करना, नाश्ते में क्या खाया, मैदान पर कैसे गए, कहां बैठे और उस समय कैसा महसूस कर रहे थे.’ फिर उन्होंने कहा, ‘जब तुम्हारा खेल खराब चल रहा हो, तो उस डायरी का वही पन्ना दोबारा पढ़ना. इससे तुम्हें भरोसा मिलेगा कि तुम अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हो और रन बना सकते हो.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें