लू भी हार मान जाएगी! 1 कच्चे आम से बनाएं ऐसा ठंडा पन्ना, बच्चे भी करेंगे तारीफ
Last Updated:
Aam Panna Health Benefits: गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक देने के लिए कैरी का पना एक बेहतरीन देसी ड्रिंक माना जाता है. कच्चे आम से बनने वाला यह पेय स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पाचन के लिए भी काफी फायदेमंद होता है. इसे घर पर बहुत ही आसान तरीके से तैयार किया जा सकता है और इसमें ज्यादा खर्च भी नहीं आता. भुना जीरा, सेंधा नमक और पुदीने के साथ बनाया गया कैरी का पना गर्मी में शरीर का तापमान संतुलित रखने में मदद करता है. जानिए घर पर कैरी का पना बनाने की आसान रेसिपी और इसके फायदे.
Aam Panna Recipe: गर्मी का मौसम आते ही लोग ठंडक देने वाले पेय की तलाश करने लगते हैं. ऐसे में कच्चे आम यानी कैरी से बनने वाला कैरी का पना शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत ही आसान तरीके से बनाया जा सकता है और ज्यादा खर्च भी नहीं होता.
बुरहानपुर की रहने वाली फूलाबाई बताती हैं कि अगर आप गर्मियों में दही या छाछ पीकर बोर हो गए हैं, तो कैरी का पना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पाचन के लिए भी अच्छा माना जाता है और गर्मी से राहत देता है.
एक कैरी से पूरा परिवार पी सकता है पना
फूलाबाई के मुताबिक कैरी का पना बनाना बेहद आसान है. सिर्फ एक कच्चे आम से इतना पना तैयार किया जा सकता है कि घर के करीब 6 से 7 लोग आराम से पी सकते हैं. इसमें ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं होती. आम के साथ सिर्फ भुना जीरा, काला नमक या सेंधा नमक और थोड़ा सा शक्कर मिलाकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है.
ऐसे बनाएं घर पर कैरी का पना
अगर आप घर पर कैरी का पना बनाना चाहते हैं तो इसकी विधि भी काफी आसान है. सबसे पहले बाजार से कच्चे आम यानी कैरी लेकर आएं और उन्हें अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद कुकर में कैरी डालकर करीब 10 मिनट तक उबाल लें. जब आम अच्छी तरह नरम हो जाए तो उसका गूदा निकाल लें. अब इस गूदे को ठंडे पानी में अच्छे से घोल लें. इसके बाद इसमें करीब 10 ग्राम भुना हुआ पिसा जीरा और 10 ग्राम सेंधा नमक मिलाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ी शक्कर और बारीक कटे पुदीने के पत्ते भी डाल सकते हैं.
ऐसे करें सर्व
जब पना पूरी तरह तैयार हो जाए तो इसे ठंडा करने के लिए फ्रिज में रख सकते हैं. चाहें तो इसमें बर्फ डालकर भी पी सकते हैं. यह देसी ड्रिंक शरीर को ठंडक देता है, गर्मी से राहत दिलाता है और पाचन क्रिया को भी बेहतर बनाने में मदद करता है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें