इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड 13 साल से नहीं टूटा, क्रिस गेल ने गेंदबाजों को जमकर तोड़ा था
Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर दर्ज है. उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से खेलते हुए ये 175 रन की नाबाद पारी खेली थी. 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ खेली गई पारी आज भी रिकॉर्ड बुक में दर्ज है.
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. खेलों के पहले चरण का शेड्यूल आ चुका है. सभी फ्रेंचाइजी टीमों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. हाल ही में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म हुआ है. घरेलू क्रिकेटर और लंबे समय बाद मैदान में लौट रहे खिलाड़ी सबसे पहले कैंप में शामिल होंगे. टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हम आपको कुछ धमाकेदार पारियों के बारे में बताते हैं.
आईपीएल ने सालों में कई यादगार प्रदर्शन देखे हैं. आईपीएल 2026 इस टूर्नामेंट का 19वां सीजन होगा. अब तक हर किसी को जिस एक पारी का इंतजार है वो शायद अभिषेक शर्मा या वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से देखने को मिल सकती है. साल 2013 में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने टूर्नामेंट की सबसे बड़ी और तूफानी पारी 175 रन की खेली थी. अब तक इसे कोई बैटर पीछे नहीं छोड़ पाया.
क्रिस गेल ने आईपीएल 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 175* रन की विस्फोटक पारी खेली थी. 23 अप्रैल 2013 को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक ऐसी पारी देखने को मिली, जिसने टी20 क्रिकेट का इतिहास बदल दिया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेलते हुए क्रिस गेल ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ ऐसी पारी खेली, जो वीडियो गेम जैसी लग रही थी. गेल ने 30 गेंद में शतक पूरा किया. यह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक है. पारी के अंत तक गेल ने 17 छक्के और 13 चौके लगाए. आरसीबी को 263 के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाया. गेल 175 रन बनाकर नाबाद रहे और उनका स्ट्राइक रेट 265.15 रहा. यह आज भी टी20 लीग इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आईपीएल के पहले सीजन में ही 18 अप्रैल 2008 को न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कलम ने कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ धमाकेदार पारी खेली थी. आरसीबी के गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए मैक्कलम की 73 गेंद में नाबाद 158 रन की पारी खेली थी. इस पारी के दौरान 216 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए मैक्कलम ने 10 चौके और 13 छक्के मारे थे.
आईपीएल के पिछले सीजन में ही अभिषेक शर्मा ने एक ऐसी पारी खेली थी जिसने उनसे क्रिस गेल के 175 रन के पारी का रिकॉर्ड तोड़ने की उम्मीद जगा दी. पंजाब किंग्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद के इस बैटर ने 246 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 141 रन की पारी खेल डाली थी. 55 बॉल पर 14 चौके और 10 छक्के की मदद से उन्होंने ये पारी खेली थी.
साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए क्विंटन डि कॉक ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 140 रन की पारी खेल डाली थी. उन्होंने 200 की स्ट्राइक रेट से 10 चौके और इतने ही छक्के जमाते हुए ये पारी खेली थी. केएल राहुल के साथ मिलकर उन्होंने 210 रन की साझेदारी निभाई थी. कोलकाता ने ये मैच महज 2 रन से गंवाया था.
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से खेलते हुए एबी डिविलियर्स ने कई शानदार पारी खेली है लेकिन उनका सबसे बड़ा स्कोर मुंबई इंडियंस के खिलाफ देखने को मिला था. साल 2015 में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 1 विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था इसमें 133 रन डिविलियर्स के बल्ले से आए थे. 225 की स्ट्राइक रेट से 15 चौके और सिर्फ 4 छ्क्के जमाते हुए इस बैटर ने ये पारी खेल डाली थी.