Hussain Talat injury: पाकिस्तान खिलाड़ी के साथ फील्डिंग के दौरान हादसा, आनन-फानन में ले जाना पड़ा अस्पताल
Last Updated:
Hussain Talat shoulder injury: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच हुए दूसरे वनडे मैच के दौरान हुसैन तलत फील्डिंग करते समय गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. वह इतना दर्द में थे कि मैदान से बाहर उन्हें स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ा. दूसरी पारी के दौरान यह हादसा हुआ.

हुसैन तलत को अस्पताल में कराया गया भर्ती.
नई दिल्ली. पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में हुसैन तलत गंभीर रूप से चोटिल हो गए. पाकिस्तान के ऑलराउंडर हुसैन तलत को बाएं कंधे में चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. चोट लगने के बाद वह काफी दर्द में दिखे. तलत इतनी दिक्कत में थे कि उन्हें मैदान से बाहर ले जाना के लिए स्ट्रेचर का सहारा लेना पड़ा. मैच की दूसरी पारी के दौरान हुसैन तलत को यह चोट लगी.
दरअसल, फील्डिंग के दौरान इस पाकिस्तानी स्टार के साथ यह हादसा हो गया. तलत को यह चोट दूसरी पारी के छठे ओवर में लगी, जब बांग्लादेश के बल्लेबाज लिटन दास ने मोहम्मद वसीम की गेंद को कवर प्वाइंट की तरफ जोर से खेला. गेंद को बाउंड्री तक जाने से रोकने के लिए तलत तेजी से कवर बाउंड्री की तरफ दौड़े. जब गेंद बाउंड्री के पास पहुंची, तो तलत ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनका पैर बाउंड्री के पास लगे फोम पैडिंग पर पड़ गया. गेंद को छूने के बाद वह संतुलन खो बैठे और सीधे विज्ञापन बोर्ड से टकरा गए. इस दौरान उनका बायां कंधा चोटिल हो गया, जिसके बाद वह दर्द से कराह उठे.
हुसैन तलत को अस्पताल में कराया गया भर्ती.
तलत के चोटिल होते ही उनके साथी खिलाड़ी और टीम स्टाफ उनकी मदद के लिए पहुंचे. हालांकि, उन्हें काफी दिक्कत हो रही थी और दर्द में भी थे. ऐसे में तुरंत स्ट्रेचर मंगवाया गया और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि हुसैन तलत को मैदान पर ही टीम के मेडिकल स्टाफ ने तुरंत इलाज दिया. शुरुआती जांच के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. बोर्ड ने यह भी बताया कि डॉक्टरों की पूरी मेडिकल जांच के बाद ही यह पता चलेगा कि उनकी चोट की असली वजह क्या है और यह कितनी गंभीर है. PCB ने बयान में कहा, ‘तलात को मैदान पर टीम के मेडिकल स्टाफ ने तुरंत इलाज दिया. शुरुआती जांच के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है. डॉक्टरों की आगे की जांच के बाद ही चोट की प्रकृति और उसकी गंभीरता का पता चल पाएगा.’
274 रन पर सिमटी पाकिस्तान की पारी
इससे पहले बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने टॉस जीतकर पाकिस्तान के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही. ओपनर माज सादाकत ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 46 गेंदों में 75 रन बनाए. अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए. इसके बाद सलमान आगा ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 62 गेंदों में 64 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए. लेकिन उनका अजीब तरीके से रन आउट होना मैच का अहम मोड़ बन गया.
उसी ओवर की आखिरी गेंद पर मेहदी हसन मिराज ने मोहम्मद रिजवान को भी आउट कर दिया. इसके बाद मैच का रुख बांग्लादेश की तरफ हो गया. इन दो बड़े झटकों के बाद पाकिस्तान की टीम संभल नहीं पाई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. आखिर में पाकिस्तान की पूरी टीम 47.3 ओवर में 274 रन पर ऑल आउट हो गई. बांग्लादेश की ओर से रिशाद हुसैन ने सबसे अच्छी गेंदबाजी की और 3 विकेट लिए.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें