’10 लाख में एक गैस टैंक’, सड़क किनारे सिलेंडर बेच रहा एक्टर! बॉलीवुड से जुड़ा पोस्ट हो रहा वायरल
Last Updated:
अमेरिका-ईरान युद्ध का गैस सिलेंडर के दामों पर भारी असर पड़ा है. एलपीजी के दाम जो पहले से ज्यादा थे, वे अब आसमान छू रहे हैं. भारत में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत पैदा हो गई है, जिसकी वजह से कई रेस्तरां बंद हो गए हैं और खाने-पीने की चीजों के दामों में भारी इजाफा हुआ है. लोग ब्लैक में मोटा पैसा चुकाकर सिलेंडर खरीद रहे हैं. ‘बिग बॉस 15’ फेम राजीव अदातिया का मजाकिया पोस्ट देखकर लगता है कि बॉलीवुड सितारे भी सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे हैं. वे 10 लाख रुपये में गैस सिलेंडर बेचने का दावा कर रहे हैं. राजीव अदातिया की सिलेंडर से लदी गाड़ी के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

राजीव अदातिया की पोस्ट वायरल हो रही है. (फोटो साभार: Instagram@rajivadatia)
नई दिल्ली: गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम जनता की जेब ढीली कर रहे हैं. कई रेस्टोरेंट बंद भी हो गए हैं. खाने-पीने के दाम में भी अचानक उछाल आया है, तो दूसरी तरफ शेयर मार्केट में भारी गिरावट से निवेशक घबराए हुए हैं. मुश्किल हालातों के बीच सोशल मीडिया पर लोग खूब बयानबाजी और सलाह दे रहे हैं. ‘बिग बॉस 15’ फेम राजीव अदातिया ने ‘आपदा में अवसर’ तलाशते हुए 10 लाख में गैस सिलेंडर बेचने का दावा किया है. जाहिर है कि उनका यह दावा गैस के बढ़ते दामों पर व्यंग्य है, भले उनका लहजा मजाकिया है, लेकिन यह भी सच है कि ब्लैक में सिलेंडर मुहैया कराकर व्यापारी मोटी कमाई कर रहे हैं. कई लोग उनके सिलेंडर बेचने के सुझाव का सपोर्ट कर रहे हैं.
राजीव अदातिया ने गैस सिलेंडरों के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है. उन्हें सड़क किनारे सिलेंडर से लदी गाड़ी पर टिककर खड़े देखा जा सकता है. उन्होंने फोटो के साथ दिए कैप्शन में लिखा है, ‘मैंने गैस सिलेंडर बेचने का फैसला किया है, क्योंकि मौजूदा हालात में गैस बेचने में ज्यादा पैसा है. 1 गैस टैंक दस लाख रुपये का है जो मेरी रोजाना की आय से बेहतर है. यह सोने की खान है.’ राजीव अदातिया की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और पोस्ट पर कमेंट करके उनसे खूब तफरी ले रहे हैं. जरीन खान सहित तमाम सितारे भी हंसी-मजाक करते हुए उनकी बात का सपोर्ट कर रहे हैं. फोटो पर एक यूजर लिखता है, ‘आखिरकार, सिलेंडर घर पहुंच गया. ऐसा लग रहा है मानो ट्रॉफी जीत ली हो.’ राजीव अदातिया के तमाम फैंस कमेंट करके स्माइल इमोजी शेयर कर रहे हैं. दूसरा यूजर राजीव से मजाकिया लहजे में सिलेंडर देने की गुजारिश कर रहा है.
(फोटो साभार: Instagram@rajivadatia)
राजीव अदातिया के ‘मजाक’ पर खूब हंसे लोग
राजीव अदातिया से एक यूजर पूछता है, ‘भैया, आप भी लाइन में लग गए हो क्या.’ एक अन्य यूजर उन्हें सला देता है कि ऐसा मत करो, पब्लिक परेशान हो जाएगी. पांचवां यूजर उनसे ब्लैक में सिलेंडर के दाम पूछ रहा है, तो दूसरा पार्टनरशिप में बिजनेस करने की गुजारिश कर रहा है. ग्रे टी-शर्ट और जीन्स पहने राजीव की पोस्ट पर 31 हजार से ज्यादा लाइक्स आ गए हैं. जाहिर है कि राजीव की पोस्ट ने लोगों को लोटपोट कर दिया है. कुछ लोग उनसे मजाकिया लहजे में घर पर सिलेंडर डिलीवर करने की गुजारिश कर रहे हैं. ऋचा शर्मा, टीना दत्ता, अली गोनी जैसे सितारों को राजीव अदातिया का मजाकिया अंदाज पसंद आ रहा है. राजीव अदातिया टीवी पर्सनैलिटी हैं, जिनकी ‘बिग बॉस 15’ में यादगार मौजूदगी रही थी. वे सेलिब्रिटी मास्टरशेफ का फाइनलिस्ट रहे थे. वे अपनी मजेदार शख्सियत, जिंदादिली के लिए मशहूर हैं. एक्ट्रेस शमिता शेट्टी के साथ उनका बहन वाला रिश्ता है. दोनों लंबे वक्त से एक-दूसरे को जानते हैं.
About the Author
अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें