हमें एंकर नहीं, विस्फोटक खिलाड़ी चाहिए… शुभमन गिल के स्ट्राइक रेट पर भड़के आकाश चोपड़ा, कप्तानी पर उठाए सवाल
Last Updated:
Aakash Chopra Shubman Gill: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के बाद टीम इंडिया में भविष्य के कप्तान को लेकर बहस छिड़ गई है. पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने शुभमन गिल की टी20 कप्तानी की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया है. खराब स्ट्राइक रेट और वर्ल्ड कप टीम से बाहर होने के बाद गिल के लिए वापसी की राह मुश्किल दिख रही है. आकाश का मानना है कि गिल को टेस्ट और वनडे पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि टी20 में अब ‘एंकर’ बल्लेबाजों की जगह नहीं बची है.

आकाश चोपड़ा ने शुभमन गिल की कप्तानी पर खड़े किए सवाल.
नई दिल्ली. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप में तिरंगा लहराने के बाद अब ओलंपिक गोल्ड पर नजरें गड़ा दी हैं. लेकिन 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक अभी दो साल दूर है और तब तक सूर्या 37 साल के हो जाएंगे. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सूर्या उस समय तक कप्तानी संभाल पाएंगे? और अगर नहीं, तो टीम इंडिया का अगला टी20 कप्तान कौन होगा. कुछ समय पहले तक शुभमन गिल को तीनों फॉर्मेट का इकलौता कप्तान बनाने की तैयारी चल रही थी. चयनकर्ताओं का मानना था कि एक ही कप्तान होने से टीम में बेहतर तालमेल रहेगा. गिल को टेस्ट और वनडे की कमान सौंप भी दी गई, लेकिन टी20 फॉर्मेट में उनकी धीमी बल्लेबाजी और फॉर्म ने बीसीसीआई को अपनी रणनीति बदलने पर मजबूर कर दिया है.
पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने गिल की टी20 कप्तानी की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया है. अपने यूट्यूब चैनल पर आकाश ने कहा, ‘तीनों फॉर्मेट के लिए एक कप्तान रखना सुनने में आसान लगता है, लेकिन टी20 में गिल के लिए यह मुमकिन नहीं दिखता. जिस तरह से भारतीय टीम फिलहाल खेल रही है, उसे देखते हुए गिल का नाम कप्तानी की चर्चा में आना भी मुश्किल है.’ शुभमन गिल को एशिया कप 2025 में टीम का उप-कप्तान बनाया गया था, जिससे लगा था कि वह सूर्या के उत्तराधिकारी होंगे. लेकिन इसके बाद उनके प्रदर्शन में भारी गिरावट आई है.
आकाश चोपड़ा ने शुभमन गिल की कप्तानी पर खड़े किए सवाल.
गिल ने 15 पारियों में केवल 291 रन बनाए
तब से लेकर अब तक शुभमन गिल ने 15 पारियों में केवल 291 रन बनाए हैं. उनकी बल्लेबाजी औसत महज 24.25 है, जो एक टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के लिए चिंताजनक है. गिल का स्ट्राइक रेट 137.26 है और वो भी बिना किसी अर्धशतक के. इसी खराब फॉर्म की वजह से उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम से भी बाहर कर दिया गयाण् जब टीम इंडिया अब 250 रनों के स्कोर की तरफ देख रही है, तो ‘एंकर रोल’ निभाने वाले बल्लेबाजों की जगह कम होती जा रही है.
आकाश चोपड़ा की शुभमन गिल को सलाह
आकाश चोपड़ा का मानना है कि शुभमन गिल को टी20 के चक्कर में अपने प्राकृतिक खेल से छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘ हमें टी20 का बल्लेबाज ढूंढने के चक्कर में उस शुभमन गिल को नहीं खोना चाहिए जो टेस्ट में दिग्गज बन सकता है या वनडे का ‘अगला किंग’ बनने की काबिलियत रखता है. गिल के लिए टी20 टीम में वापसी और कप्तानी अब एक कठिन डगर है.’
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें