रोटियां कैसरोल में रखते ही क्यों हो जाती हैं गीली? जानिए वायरल ‘स्पून हैक’, जो रोटियों को लंबे समय तक रखेगा मुलायम और फ्रेश
Last Updated:
Roti Storage Hack: अक्सर गरम रोटियां कैसरोल में रखने के बाद गीली हो जाती हैं क्योंकि उनकी गर्मी से भाप बनती है और वही भाप पानी की बूंदों में बदलकर रोटियों को गीला कर देती है. इस समस्या से बचने के लिए एक आसान स्पून हैक बताया जा रहा है जिसमें दो स्टील के चम्मच क्रॉस करके रोटियों के ऊपर रख दिए जाते हैं. इससे कैसरोल पूरी तरह बंद नहीं होता और अंदर बनने वाली भाप बाहर निकलती रहती है.

रोटी मुलायम रखने की ट्रिक
Roti Storage Hack: भारतीय रसोई में रोटी सबसे आम और जरूरी भोजन माना जाता है. लगभग हर घर में दिन में कम से कम एक बार ताजी रोटियां जरूर बनती हैं. रोटी बनाना सुनने में जितना आसान लगता है, असल में यह एक कला भी है और मेहनत भी मांगता है. आटा गूंथना, लोई बनाना, बेलना और तवे पर सही तरीके से सेंकना हर स्टेप ध्यान से करना पड़ता है. लेकिन कई बार इतनी मेहनत से बनाई गई गरमागरम रोटियां कुछ ही देर में गीली और चिपचिपी हो जाती हैं. खासकर जब उन्हें कैसरोल या डब्बे में रख दिया जाता है तो थोड़ी देर बाद ढक्कन पर पानी की बूंदें दिखने लगती हैं और रोटियों का स्वाद खराब हो जाता है.
दरअसल यह समस्या बहुत आम है और लगभग हर घर में देखने को मिलती है. कई लोग सोचते हैं कि शायद रोटी ठीक से नहीं बनी या आटे में कुछ गड़बड़ थी, लेकिन असली वजह कुछ और होती है. इंटरनेट और सोशल मीडिया पर इस समस्या को दूर करने के कई घरेलू उपाय बताए जाते हैं. इन्हीं में से एक आसान ट्रिक इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है जिसे लोग ‘स्पून हैक’ के नाम से जानते हैं. बताया जा रहा है कि सिर्फ दो चम्मच की मदद से रोटियों को लंबे समय तक मुलायम और फ्रेश रखा जा सकता है.
गरम रोटियों से क्यों बनती है नमी
जब ताजी रोटियां तवे से उतरकर सीधे कैसरोल में रख दी जाती हैं तो उनकी गर्मी बाहर निकलने लगती है. इस गर्मी से भाप बनती है और कैसरोल का ढक्कन बंद होने के कारण यह भाप अंदर ही जमा हो जाती है. कुछ देर बाद यही भाप पानी की बूंदों में बदल जाती है और ढक्कन या बर्तन के अंदर चिपक जाती है. फिर वही बूंदें वापस रोटियों पर गिरती हैं जिससे रोटियां गीली और चिपचिपी हो जाती हैं. यही वजह है कि कई बार अच्छी तरह बनी रोटियां भी थोड़ी देर में खराब लगने लगती हैं.
‘स्पून हैक’ क्या है और कैसे काम करता है
इस समस्या से बचने के लिए जो ट्रिक वायरल हो रही है वह बेहद आसान है. इसके लिए आपको बस दो स्टील के चम्मच की जरूरत होती है. रोटियां बनाने के बाद जब आप उन्हें कैसरोल में रखें तो सबसे ऊपर दो चम्मच क्रॉस करके रख दें. यानी दोनों चम्मच एक दूसरे के ऊपर X की तरह रखे जाएं.
इसके बाद कैसरोल का ढक्कन बंद कर दें. ऐसा करने से ढक्कन पूरी तरह सील नहीं होता और अंदर थोड़ी सी हवा के निकलने की जगह बनी रहती है. इससे भाप बाहर निकलती रहती है और कैसरोल के अंदर ज्यादा नमी जमा नहीं होती. नतीजा यह होता है कि रोटियां गीली नहीं होतीं और ज्यादा देर तक मुलायम रहती हैं.
View this post on Instagram