बस्तर की देसी बोहार भाजी; इमली के पानी से बनेगी लाजवाब सब्जी, झटपट वाली रेसिपी
Last Updated:
Bastar News: बोहार भाजी की सब्जी बनाना काफी आसान है. इस भाजी को चने और दाल के साथ भी बनाया जाता है. बस्तर में बोहार भाजी को कम मसालों के साथ पकाया जाता है. यह भाजी कुछ ही मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है.
बस्तर. छत्तीसगढ़ राज्य अपने खानपान के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है. यहां दाल, सब्जियों से लेकर मिठाई तक की अनूठी रेसिपी हैं. इन्हीं में से एक है बस्तर की बोहार भाजी, जिसकी सब्जी बेहद स्वादिष्ट होती है. बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ में इस भाजी को बड़े चाव से खाया जाता है. बस्तर में इसे इमली के पानी के साथ बनाया जाता है, जिसके कारण बोहार भाजी का स्वाद और भी बढ़ जाता है. आप इन आसान स्टेप्स को फॉलो कर घर पर बोहार भाजी की सब्जी बना सकते हैं. एक बार इस भाजी की सब्जी खाने के बाद बार-बार खाने का मन करेगा.
बोहार भाजी की सब्जी बनाना बहुत आसान है. इस भाजी को दाल और चने के साथ भी बनाया जाता है. बस्तर में इस भाजी को कम मसालों के साथ पकाया जाता है. यह भाजी कुछ ही मिनटों में बन जाती है. इस भाजी को बनाना कोई झंझट का काम भी नहीं है. सब्जी को एक बार खाने के बाद इसका बेहतरीन स्वाद हमेशा आपकी जुबान पर रहेगा. आप अपने घर के लोगों को बोहार भाजी की देशी सब्जी का स्वाद चखा सकते हैं.
बोहार भाजी की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
बोहार भाजी- 100 ग्राम, प्याज एक- बारीक कटी हुई, हरी मिर्च- दो कटी हुई, एक टमाटर कटा हुआ, हल्दी- 1/4 छोटी चम्मच, मिर्च- 1/4 छोटी चम्मच, नमक स्वादानुसार, इमली के पानी का घोल और तेल- करीब 10 एमएल.
बोहार भाजी की सब्जी बनाने की रेसिपी
सबसे पहले बोहार भाजी को अच्छे से धोकर अपने हिसाब से काट लें. अब सब्जी बनाने के लिए एक कड़ाही में तेल गर्म कर लीजिए. इसके बाद कटी हुई प्याज और मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भून लीजिए. जब प्याज अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें बोहार भाजी डालकर पकाइए. अब इसमें हल्दी, मिर्च और स्वादानुसार नमक डालकर पकाएं. इसके बाद इसमें कटा हुआ टमाटर डालकर पकाइए. लगभग पांच मिनट पकाने के बाद इसमें इमली के पानी का घोल डालकर फिर पकाइए. करीब पांच मिनट बाद सब्जी गैस से उतार लीजिए. इस तरह तैयार है बोहार भाजी की देसी सब्जी. आप इसे चावल या रोटी के साथ खा सकते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.