हड्डी जोड़ते-जोड़ते बन गया ‘नेशनल चोर’, जीने लगा लग्जरी लाइफ, अब 70 लाख की डकैती में हो गया गिरफ्तार
Last Updated:
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने छेनू गैंग के दो कुख्यात अपराधियों राशिद उर्फ सोनू और फहीम उर्फ डैनी को रघुबीर नगर से दबोच लिया है. इनके पास से अवैध हथियार और एक टाटा पंच कार बरामद हुई है. मुख्य आरोपी राशिद पर 21 से ज्यादा केस दर्ज हैं और वह जयपुर में हुई 70 लाख रुपये की बड़ी चोरी के मामले में भी वांटेड था. दोनों के कारनामे सुनकर खुद पुलिस भी हैरान है.

नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में सक्रिय अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस टीम ने कुख्यात ‘छेनू गैंग’ के दो सक्रिय और खतरनाक सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राशिद उर्फ सोनू और फहीम उर्फ डैनी के रूप में हुई है. ये दोनों अपराधी दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे दर्जनों संगीन मामलों में शामिल रहे हैं. खास बात यह है कि इन दो चोरों में एक मालिशिया का काम करता था और लोगों के टूटे हड्डियों का जोड़ने का काम किया करता था. लेकिन गलत आदत लग जाने की वजह से नेशनल चोर बन गया. दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा के साथ-साथ जयपुर और हैदराबाद में भी जाकर चोरी करता था.
जानकारी के अनुसार, 5 मार्च 2026 को क्राइम ब्रांच की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि छेनू गैंग से जुड़े कुछ अपराधी पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदोरा के निर्देश पर एसीपी राज कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
5 और 6 मार्च की दरम्यानी रात को टीम ने गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के पास जाल बिछाया. इसी दौरान एक ग्रे रंग की टाटा पंच कार संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी. जब पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, तो उसमें सवार राशिद और फहीम ने भागने की कोशिश की. हालांकि, सतर्क पुलिस टीम ने बहादुरी दिखाते हुए संक्षिप्त हाथापाई के बाद दोनों को काबू कर लिया.
दोनों के पास दो पिस्टल और पांच गोली बरामद
शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई और कार की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए. कार के अंदर से दो अवैध पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की जा रही टाटा पंच कार को भी जब्त कर लिया है. इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
जयपुर की 70 लाख की चोरी का पर्दाफाश
इस गिरफ्तारी की सबसे बड़ी उपलब्धि राजस्थान के जयपुर में हुई एक सनसनीखेज चोरी का खुलासा होना है. आरोपी राशिद उर्फ सोनू जयपुर के थाना विधायक पुरी में दर्ज एक मामले में भगोड़ा था. इस वारदात में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 70 लाख रुपये की सोने-चांदी की ज्वेलरी और नकदी पर हाथ साफ किया था. दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से जयपुर पुलिस को भी बड़ी राहत मिली है.
दोनों का प्रोफाइल हैरान कर देगा आपको
त्रिलोकपुरी का रहने वाला राशिद उर्फ सोनू अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है. वह मयूर विहार थाने का घोषित अपराधी है और उस पर हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट और चोरी के 21 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. 2025 में उसे आंध्र प्रदेश के कामारेड्डी में और फिर नवंबर 2025 में आगरा में भी गिरफ्तार किया गया था. वह अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और अपराध के जरिए पैसा कमाने के लिए मशहूर है. वहीं फहीम उर्फ डैनी भी त्रिलोकपुरी का ही निवासी है. वह अनपढ़ है और पेशे से एक फ्रीलांस ‘मालिशिया’ है जो हड्डी बिठाने का काम भी करता है. वह राशिद का बचपन का दोस्त है और उसकी चकाचौंध भरी जिंदगी से प्रभावित होकर अपराध की दुनिया में शामिल हो गया. फहीम पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.
डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि इन गिरफ्तारियों से दिल्ली और एनसीआर में संगठित अपराध पर लगाम लगेगी. फिलहाल पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि इनके गैंग के अन्य सदस्यों और हाल के दिनों में की गई अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके.
About the Author
भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले रविशंकर सिंह सहारा समय न्यूज चैनल, तहलका, पी-7 और लाइव इंडिया न्यूज चैनल के अलावा फर्स्टपोस्ट हिंदी डिजिटल साइट में भी काम कर चुके हैं. राजनीतिक खबरों के अलावा…और पढ़ें