चावल के आटे की चीला रोटी, स्वाद में लाजवाब, जानें बनाने की बिल्कुल आसान विधि

Share to your loved once


छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों में चीला रोटी का खास स्थान है, यह चावल के आटे से बनने वाला बेहद आसान और जल्दी तैयार होने वाला देसी नाश्ता है, जिसे प्रदेश के लगभग हर घर में बड़े चाव से खाया जाता है. खासकर सुबह के नाश्ते में इसे बनाना काफी आसान होता है और कम समय में स्वादिष्ट पकवान तैयार हो जाता है. टमाटर की तीखी और चटपटी चटनी के साथ जब इसे परोसा जाता है, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. आइए जानते हैं घर पर चीला रोटी बनाने की आसान और पारंपरिक विधि.

चीला रोटी बनाने की सामग्री: चावल का आटा, स्वादानुसार नमक, पानी, थोड़ा सा तेल

चीला रोटी बनाने की विधि:

• चीला रोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ बर्तन लें और उसमें चावल का आटा डालें, इसके बाद इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं.

• अब इस आटे में धीरे-धीरे पानी डालते हुए हाथों या चम्मच की मदद से घोल तैयार करें, ध्यान रखें कि घोल ज्यादा गाढ़ा न हो, बल्कि थोड़ा पतला रहे. इसका घोल डोसा के घोल जैसा होना चाहिए, ताकि तवे पर आसानी से फैल सके.

• अब गैस ऑन करें और तवा गरम होने के लिए रखें. तवा गरम हो जाने के बाद उस पर हल्का सा तेल लगाकर चारों तरफ फैला दें, ताकि चीला तवे पर चिपके नहीं.

• इसके बाद बड़ी चम्मच या छोटी कटोरी की मदद से चावल के आटे का घोल तवे पर डालें और धीरे-धीरे गोल घुमाते हुए फैलाएं.

• अब तवे को ढक्कन से ढक दें और हल्की आंच में लगभग एक मिनट तक पकने दें, ताकि चीला रोटी अच्छी तरह से पक जाए.

• एक मिनट बाद ढक्कन हटाएं और ऊपर की तरफ थोड़ा सा तेल लगाएं, फिर सावधानी से चीला रोटी को पलट दें और दूसरी तरफ से भी हल्की आंच में सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें. कुछ ही मिनटों में आपकी गरमा-गरम और स्वादिष्ट चीला रोटी तैयार हो जाएगी.

• अब आप तैयार चीला रोटी को टमाटर की तीखी चटनी, हरी मिर्च की चटनी या किसी हल्की सब्जी के साथ परोसकर खा सकते हैं.

• वहीं अगर आपके घर में रात का बचा हुआ चावल है, तो उसे भी चावल के आटे के घोल में मिलाकर स्वादिष्ट धुसका रोटी बनाई जा सकती है. इससे न केवल खाने का स्वाद बढ़ता है, बल्कि बचा हुआ चावल भी आसानी से उपयोग में आ जाता है.

• इस तरह छत्तीसगढ़ की पारंपरिक और आसान चीला रोटी कम समय में तैयार की जा सकती है और परिवार के साथ इसका स्वाद लिया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP