‘शराब के पाउच, बंद शीशे और 2 भाई की बॉडी’, कई दिनों से रास्ते पर खड़ी थी कार, खोलते ही मचा हड़कंप
Last Updated:
आउटर दिल्ली के खेड़ा खुर्द इलाके में पुलिस ने एक कार से 2 लोगों के शव बरामद किए. दोनों ही शव पुरुष के है पुलिस के मुताबिक दोनों आपस में मौसेरे भाई हैं. दोनों की पहचान विकास ओर विजेंद्र के रूप में हुई है. दोनों ही खेड़ा खुर्द के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं… और कल सुबह 11 से ये घर से निकले थे. पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए नजदीक के हॉस्पिटल भिजवा दिया है. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस मौत का कारण पता लगाने में जुटी है.

इसी कार में दोनों भाइयों के शव मिले हैं. (वीडियो ग्रैब)
नई दिल्ली: देश की राजधानी के आउटर दिल्ली इलाके से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है जिसने पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों के होश उड़ा दिए हैं. खेड़ा खुर्द इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक सफेद रंग की औरा (AURA) कार के भीतर से दो सगे मौसेरे भाइयों के शव बरामद हुए हैं. यह घटना जितनी दुखद है, उतनी ही रहस्यमयी भी, क्योंकि कार लॉक नहीं थी लेकिन उसके शीशे पूरी तरह बंद थे और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी.
कैसे हुआ खुलासा?
घटना की शुरुआत मंगलवार को तब हुई जब दिल्ली पुलिस (PS NIA) को सूचना मिली कि एक लावारिस कार सड़क किनारे नाले के पास संदिग्ध हालत में खड़ी है. जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां UP-27 CT-7719 नंबर की सफेद औरा कार (Aura Car) मिली. पुलिस ने जब पास जाकर देखा तो कार के अंदर दो लोग बेसुध पड़े थे. शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों की मौत काफी समय पहले हो चुकी थी क्योंकि शवों से बदबू आने लगी थी.
‘साइलेंट किलर’ का शक
पुलिस को कार की तलाशी के दौरान शराब के तीन पाउच मिले हैं. इनमें से दो सीलबंद थे, जबकि एक खुला हुआ था. मृतकों की पहचान विकास (42 वर्ष), जो पेशे से ड्राइवर था और ड्राइविंग सीट पर मृत मिला, तथा बिजेंद्र उर्फ भोला (36 वर्ष), जो पेशे से प्लंबर था और पिछली सीट पर मृत मिला, के रूप में हुई है. ये दोनों अंबेडकर कॉलोनी, खेड़ा खुर्द के रहने वाले थे और पिछले 24 घंटों से लापता थे.
CCTV फुटेज और शुरुआती जांच
आस-पास के CCTV कैमरों की जांच से पता चला कि यह कार पिछले दिन दोपहर करीब 2 बजे से उसी स्थान पर खड़ी थी. हैरानी की बात यह है कि फुटेज में उस समय के बाद किसी भी व्यक्ति को कार के अंदर जाते या बाहर निकलते नहीं देखा गया.
कोई चोट के निशान नहीं
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ‘दोनों शवों पर चोट के कोई बाहरी निशान नहीं मिले हैं. कार के शीशे बंद थे, जिससे प्राथमिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि मौत दम घुटने (Suffocation) के कारण हुई होगी.’ हालांकि, पुलिस ने किसी भी तरह की साजिश से इनकार नहीं किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. यह कार शाहजहांपुर निवासी राकेश कुमार की बताई जा रही है. फिलहाल, क्राइम टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है.
About the Author
दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व…और पढ़ें