विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म से आया बड़ा अपडेट, ‘राणाबाली’ में दिखेगा ब्रिटिश राज का काला सच
Last Updated:
विजय देवरकोंडा की आने वाली फिल्म राणाबाली को लेकर इन दिनों काफी चर्चा हो रही है. मैत्री मूवी मेकर के बैनर तले बन रही यह फिल्म 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है. यह एक हिस्टोरिकल ड्रामा है, जिसमें भारत के इतिहास के ऐसे पन्नों को दिखाने की कोशिश की गई है जिनके बारे में बहुत कम बात होती है. फिल्म में एक ऐसे गुमनाम इंसान की कहानी दिखाई जाएगी, जिसे इतिहास में शायद पहचान नहीं मिली, लेकिन उसकी कहानी बेहद ताकतवर मानी जाती है.

विजय-रश्मिका की फिल्म का फैंस को बेसब्री से इंतजार
नई दिल्ली. फिल्म की पहली झलक सामने आते ही लोगों की एक्साइटमेंट काफी बढ़ गई है. विजुअल्स देखकर साफ लग रहा है कि कहानी गुलाम भारत के दौर में सेट है. फिल्म सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए नहीं बनाई जा रही, बल्कि इसका मकसद इतिहास की उन सच्चाइयों को सामने लाना भी है जिनसे आज भी बहुत से लोग अनजान हैं.
सात लाख लोगों की हुई थी मौत
इतिहास में 1876 से 1878 के बीच पड़ा अकाल भारत के सबसे काले दौरों में गिना जाता है. उस समय रायलसीमा क्षेत्र, जो आज आंध्र प्रदेश का हिस्सा है, लगातार सूखे की मार झेल रहा था. 1876 में जब मानसून भी फेल हो गया तो हालात और भी बदतर हो गए. लोगों के पास खाने के लिए अनाज नहीं था, लेकिन इसके बावजूद भारत से अनाज का निर्यात जारी रहा. उसी दौरान ब्रिटिश अधिकारी सर रिचर्ड टेंपल ने खर्च कम करने के नाम पर सख्त नियम लागू कर दिए. अकाल राहत शिविरों में मिलने वाला राशन भी कम कर दिया गया. कहा जाता है कि सिर्फ रायलसीमा इलाके में ही करीब सात लाख लोगों की मौत हो गई, जबकि पूरे भारत में करोड़ों लोग इस त्रासदी का शिकार बने.
ऐसी होने वाली है कहानी
इतिहासकार मानते हैं कि यह सिर्फ प्राकृतिक आपदा नहीं थी, बल्कि ब्रिटिश नीतियों की वजह से हालात और खराब हुए. राणाबाली की कहानी इसी पृष्ठभूमि में बुनी गई है. फिल्म में उन छोटे-बड़े विद्रोहों को भी दिखाया जाएगा जो अकाल से जूझ रहे लोगों ने शुरू किए थे. भूखे और मजबूर लोगों ने कई जगहों पर अनाज के गोदामों पर कब्जा किया, भारी टैक्स देने से मना किया और अपनी जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष किया. हालांकि ब्रिटिश रिकॉर्ड्स में उन्हें सिर्फ अपराधी बताया गया.
बता दें कि सरकारी दस्तावेजों में भले ही इन विद्रोहियों के नाम ज्यादा दर्ज न हों, लेकिन रायलसीमा की लोककथाओं में आज भी उनकी कहानियां जिंदा हैं. इस फिल्म का निर्देशन राहुल संकृतियान कर रहे हैं. फिल्म को टी सीरीज के साथ मिलकर वाई रवि शंकर और Naveen Yerneni प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म में रश्मिका मंदाना फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी. विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखेगी. राणाबाली 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है.
About the Author
न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार का डिजिटल मीडिया में 9 सालों का अनुभव है. एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू और इंटरव्यू में विशेषज्ञता है. मुनीष ने जामिया मिल्लिया इ…और पढ़ें