साउथ में पीएम मोदी का मेगा शो: केरल-तमिलनाडु में 16,450 करोड़ के प्रोजेक्ट्स, दो बड़ी जनसभाएं, बदलेगा समीकरण?
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मार्च को केरल और तमिलनाडु के एक महत्वपूर्ण दौरे पर जा रहे हैं. इस एक दिवसीय यात्रा के दौरान वे करीब 16,450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण सड़कें और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से दक्षिण भारत में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और कनेक्टिविटी बेहतर होगी. यह दौरा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. प्रधानमंत्री पहले केरल के एर्नाकुलम में कार्यक्रम करेंगे और फिर तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे.
केरल में 10,800 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा की शुरुआत केरल के एर्नाकुलम से करेंगे. यहां दोपहर करीब 1:30 बजे वे लगभग 10,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में ऊर्जा, परिवहन और रेलवे से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. इसके बाद प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से केरल की औद्योगिक और परिवहन क्षमता मजबूत होगी.
कोच्चि रिफाइनरी में पॉलीप्रोपाइलीन यूनिट – बड़ा औद्योगिक निवेश
इस दौरे की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की कोच्चि रिफाइनरी में बनने वाली पॉलीप्रोपाइलीन यूनिट शामिल है. इस परियोजना पर 5,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जाएगा.
परियोजना की मुख्य विशेषताएं
- क्षमता – 400 किलो टन प्रति वर्ष
- उपयोग – पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल पार्ट्स, मेडिकल उपकरण
- उद्देश्य – पॉलिमर उत्पादन बढ़ाना
- लाभ – आयात निर्भरता कम करना
यह यूनिट प्लास्टिक और पॉलिमर आधारित उद्योगों को कच्चा माल उपलब्ध कराएगी और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगी.
हाईवे परियोजनाओं से सुधरेगी कनेक्टिविटी
सड़क क्षेत्र में दो बड़े राजमार्ग प्रोजेक्ट्स भी इस दौरे में शामिल हैं.
प्रमुख परियोजनाएं
- एनएच 66 थलापडी-चेंगला छह लेन – 2650 करोड़ रुपये
- कोझिकोड बाईपास छह लेन लगभग – 2140 करोड़ रुपये
एनएच 66 का विस्तार मुंबई-कन्याकुमारी आर्थिक गलियारे का हिस्सा है. इससे कासरगोड, कन्नूर और मंगलौर जैसे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. कोझिकोड बाईपास अपग्रेड होने से ट्रैफिक जाम कम होगा और यात्रा समय करीब एक घंटे से घटकर 15 से 20 मिनट रह जाएगा.
ग्रामीण सड़क और रेलवे परियोजनाएं
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 23 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन भी किया जाएगा. इन सड़कों से गांवों को बाजार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी.
रेलवे क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं.
- अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तीन स्टेशनों का आधुनिकीकरण
- शोरानूर नीलाम्बुर रेल लाइन का विद्युतीकरण
- पलाक्काड़ पोलाची के बीच नई ट्रेन सेवा
- इन परियोजनाओं से रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.
- फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा
केरल के कोल्लम जिले में 50 मेगावाट के फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखी जाएगी. यह परियोजना देश के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद करेगी. फ्लोटिंग सोलर तकनीक जलाशयों पर सोलर पैनल स्थापित करके बिजली उत्पादन करती है. इससे जमीन का उपयोग कम होता है और ऊर्जा उत्पादन बढ़ता है.
तमिलनाडु में 5,650 करोड़ की परियोजनाएं
केरल के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री शाम करीब 5:45 बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पहुंचेंगे. यहां वे लगभग 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. इन परियोजनाओं में गैस नेटवर्क, रेलवे और ग्रामीण सड़कें शामिल हैं.
सिटी गैस नेटवर्क से लाखों घरों को मिलेगा लाभ
तमिलनाडु के नीलगिरी और इरोड जिलों में बीपीसीएल के सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की आधारशिला रखी जाएगी. इस परियोजना पर लगभग 3,680 करोड़ रुपये का निवेश होगा.
इससे मिलने वाले लाभ
- 8.8 लाख घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस
- 200 से ज्यादा व्यावसायिक इकाइयों को गैस
- 201 से अधिक सीएनजी स्टेशन
- इससे स्वच्छ ईंधन का उपयोग बढ़ेगा और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी.
चेन्नई में ल्यूब्रिकेंट प्लांट और नई ट्रेन सेवाएं
चेन्नई के मनाली में इंडियन ऑयल का ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा. इस प्लांट की क्षमता 672 हजार मीट्रिक टन प्रति वर्ष होगी और इसमें लगभग 1,490 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. इसके अलावा कई नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत भी होगी. इनमें दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेन और एक यात्री ट्रेन शामिल हैं. ये ट्रेनें तमिलनाडु को तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और पूर्वी भारत से बेहतर जोड़ेंगी.