घर पर बनाएं मसालेदार भरवा मिर्च अचार, स्वाद ऐसा कि मुंह में पानी आ जाए, जानिए आसान रेसिपी
Last Updated:
अचार खाने का मज़ा किसी भी साधारण खाने को भी चटपटा बना देता है, और अगर यह लाल मिर्च वाला भरवा अचार हो तो देखते ही मुंह में पानी आ जाता है. आजमगढ़ में भरवा मिर्च का अचार बेहद लोकप्रिय है और इसकी खेती बड़े पैमाने पर होती है. इस आसान रेसिपी के जरिए आप घर पर ही कम मेहनत में ताज़ा और मसालेदार भरवा मिर्च अचार तैयार कर सकते हैं.
अचार एक ऐसी चीज है, जो बोरिंग से बोरिंग खाने में भी चटपटे स्वाद का आनंद देता है. अगर यह अचार लाल मिर्च वाला भरवा अचार हो, तो इसे देखते ही लोगों के मुंह में पानी आने लगता है. आजमगढ़ जनपद में भरवा मिर्च खूब पसंद किया जाता है और किसान भी इसकी खेती बड़े पैमाने पर करते हैं.
वहीं इस मौसम में घर-घर में इस फेमस अचार को तैयार भी किया जाता है. इसे बनाने की प्रक्रिया थोड़ी कठिन होने के कारण अब ज्यादातर लोग इसे मार्केट से खरीदना पसंद करते हैं. लेकिन आज हम आपको इस अचार को घर में तैयार करने का एक जबरदस्त और आसान तरीका बताने जा रहे हैं, जिसका इस्तेमाल करते हुए आप इसे बेहद कम मेहनत में घर पर ही तैयार कर सकते हैं.
अचार उत्पादन का काम करने वाले हरि ओम राय बताते हैं कि इस अचार को घर पर तैयार करने के लिए आपको भरवा लाल मिर्च के साथ पीली सरसों, सौंफ, जीरा, हींग, मेथी, नमक, हल्दी पाउडर, सरसों का तेल, सिरका और पिसी हुई लाल मिर्च की जरूरत पड़ेगी. सबसे पहले इन सभी सामानों को इकट्ठा करके अचार के लिए जरूरी मसाले को तैयार करना होता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसे बनाने के लिए सबसे पहले मिर्च को धोकर अच्छी तरह सुखा लें. वहीं अगर आपके पास थोड़ा समय हो, तो इसे 2 से 3 घंटे तक धूप में जरूर रखें. भरवा मिर्च का अचार दो तरीके से बनाया जा सकता है. आप चाहे तो मिर्च पर बीच में चीरा लगा कर अचार तैयार कर सकते हैं, या फिर इसे बिना चीरा लगाए भी बना सकते हैं.
इसके लिए सबसे पहले मिर्च के ऊपर के हिस्से को काटकर अंदर मौजूद सभी बीज को निकालना होगा. आप चाहे तो बिना बीज हटाए भी अचार तैयार कर सकते हैं. मसाला बनाने के लिए सबसे पहले मसाला मिश्रण में मौजूद सभी गरम मसालों को अच्छी तरह भून लें. इसके बाद मसाले में हल्दी, नमक, मिर्च, अमचूर पाउडर आदि डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें अचार की मात्रा के अनुसार सरसों का तेल और एक चम्मच सिरका मिलाएं.
अब अचार के लिए आपका मसाला तैयार हो चुका है. अब बारी है इस मसाले को मिर्च में भरने की. अगर आपने मिर्च को बीच में से चीरा लगाया है, तो आप इसे मिर्च के अंदर खाली हुई जगह पर भर सकते हैं. अगर आप इसे बिना चीरा लगाए बनाना चाहते हैं, तो मिर्च के ऊपरी हिस्से को काटकर उसमें मसाला भरें.
मिर्च में मसाला भरने के लिए आप किसी छोटी लकड़ी का प्रयोग भी कर सकते हैं. ध्यान रहे कि मसाला मिर्च के साइज के अनुसार ही भरा जाए, क्योंकि अधिक मसाला भरने पर मिर्च सूखते समय फट सकती है. मसाला भरने के बाद इसे 4 से 5 दिन तक जार में बंद रख दें.
अब इसके बाद सरसों के तेल को गर्म करके थोड़ा ठंडा करें और इसे मिर्च के जार में डाल दें. ऐसा करने से मिर्च का अचार खराब नहीं होगा और लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा. ध्यान रहे कि जार में पर्याप्त तेल होना चाहिए, ताकि मिर्च तेल में अच्छी तरह डूब सके.