Indian Cricket Team: दो साल में 6 आईसीसी ट्रॉफियां, दुनिया देख रही भारतीय क्रिकेट की ताकत, थमेगा नहीं सिलसिला
Last Updated:
Indian Cricket: वर्ल्ड क्रिकेट में भारत का दबदबे का लोहा दुनिया मान रही है. भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने बीते 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा. यह पिछले दो सालों में छठा मौका है, जब भारत की सीनियर या जूनियर टीम ने आईसीसी ट्रॉफी जीती है. सिर्फ पुरुष ही नहीं, भारत की महिला टीमों से भी वर्ल्ड क्रिकेट में अपनी धाक जमाई है.

भारत ने दो साल में जीतीं 6 आईसीसी ट्रॉफियां.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत सिर्फ एक और ट्रॉफी हासिल करने की कहानी नहीं है. यह उस दौर की कहानी है, जिसमें भारतीय क्रिकेट लगातार दुनिया के सबसे बड़े मंचों पर अपना दबदबा बना रहा है. पिछले कुछ सालों में भारत ने केवल पुरुष क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट और जूनियर लेवल पर भी अपनी धाक जमाते हुए ICC ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया है. इस मामले में फिलहाल भारत की बराबरी दुनिया की कोई क्रिकेट टीम नहीं कर पा रही है. बीते दो सालों में भारत ने 6 आईसीसी ट्रॉफी जीतकर दर्शाया है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुनहरा है. यही वजह है कि भारत को सिर्फ क्रिकेट का आर्थिक केंद्र या सबसे बड़ा टैलेंट पूल भर नहीं माना जा रहा, बल्कि लगातार मिल रही सफलताओं के आधार पर वह वर्ल्ड क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत के रूप में उभर रहा है.
दो साल में 6 ICC ट्रॉफियां
करीब दो साल के अंदर भारत ने कुल छह ICC खिताब जीते हैं. पुरुष टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था, फिर 2025 में हिटमैन की अगुआई में ही चैंपियंस ट्रॉफी भी नाम की. सूर्यकुमार यादव की कैप्टेंसी में 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया. पुरुष क्रिकेट के इतर महिला टीम ने 2025 में वनडे वर्ल्ड कप जीता. इसके अलावा भारत की पुरुष और महिला अंडर-19 टीमों ने अपना जलवा बिखेरा. 2025 में महिला टीम ने U19 टी20 वर्ल्ड कप जीता, जबकि 2026 में अंडर-19 पुरुष टीम ने भी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. जब किसी देश की सीनियर पुरुष टीम, महिला टीम और जूनियर टीमें एक ही दौर में लगातार वैश्विक खिताब जीतने लगें, तो यह सिर्फ अच्छी फॉर्म नहीं बल्कि, पूरे सिस्टम की ताकत को दिखाता है.
भारत ने दो साल में जीतीं 6 आईसीसी ट्रॉफियां.
वर्ल्ड क्रिकेट में भारत का दबदबा
सीनियर पुरुष टीम को सबसे ज्यादा सुर्खियां मिलती हैं, क्योंकि उनके टूर्नामेंट सबसे बड़े मंच पर खेले जाते हैं. 2024 का टी20 वर्ल्ड कप जीतकर भारत ने लंबे इंतजार के बाद खिताब हासिल किया. 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी ने साबित किया कि यह सफलता संयोग नहीं थी. इसके बाद 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया. वह इस टूर्नामेंट को तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गई और साथ ही खिताब डिफेंड करने वाली भी पहली टीम बन गई. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय सीनियर महिला टीम ने नवंबर 2025 में वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा. महिला टीम ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई.
भारतीय क्रिकेट का सुनहरा भविष्य
अंडर-19 स्तर पर भी भारत की सफलता इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में भी भारतीय क्रिकेट मजबूत रहने वाला है. युवा खिलाड़ियों की जीत दिखाती है कि टीम के पास लगातार नया टैलेंट आ रहा है और भविष्य की पीढ़ी भी तैयार है. यही कारण है कि आज भारतीय क्रिकेट सिर्फ एक मजबूत टीम नहीं, बल्कि विश्व क्रिकेट का नया बेंचमार्क बन चुका है. इसका मतलब यह नहीं कि बाकी टीमें पीछे रह जाएंगी. ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका जैसी टीमें अभी भी मजबूत हैं और आगे भी चुनौती पेश करती रहेंगी, लेकिन पिछले दो साल के नतीजों को देखें तो जब भी बड़ी ट्रॉफी दांव पर होती है, अक्सर अंत में जीत भारतीय क्रिकेट की ही होती है. भारतीय क्रिकेट अपने इस दबदबे को आगे भी कायम रखने के लिए पूरी जान झोंक देगा.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें