9 रेल मंडलों में सेना से आए जवानों को नौकरी में मिलेगी प्राथमिकता, जानें किस लेवल पर कितना आरक्षण मिलेगा

Share to your loved once


जयपुर: अग्निवीरों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे ने अग्निवीर सैनिकों को नौकरी में प्राथमिकता देने का फैसला किया है. इसके लिए रेलवे और भारतीय सेना के बीच सहयोग का एक विशेष ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिससे सेना से सेवानिवृत्त होने वाले जवानों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सके.

नई व्यवस्था के तहत रेलवे में पूर्व सैनिकों के लिए एक समर्पित सहायता प्रणाली भी स्थापित की जाएगी, जो उन्हें भर्ती प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएगी. रेलवे की विभिन्न श्रेणियों की नौकरियों में पूर्व सैनिकों के लिए पहले से आरक्षण का प्रावधान है.

इसके अनुसार लेवल-2 और उससे ऊपर के पदों में पूर्व सैनिकों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण रखा गया है, जबकि लेवल-1 के पदों में यह आरक्षण 20 प्रतिशत है. वहीं पूर्व अग्निवीरों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है. लेवल-2 और उससे ऊपर के पदों में उन्हें 5 प्रतिशत और लेवल-1 के पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा.

इस पहल का उद्देश्य सेना में सेवा देने के बाद अग्निवीरों को नागरिक जीवन में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. जानकारी के मुताबिक देश के 9 रेलवे मंडलों ने पहले ही सेना के संगठनों के साथ एमओयू (MoU) साइन कर लिया है, ताकि पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों की भर्ती को लेकर बेहतर समन्वय किया जा सके.

भारतीय सेना में अग्निवीर योजना क्या है?

अग्निपथ योजना के तहत शुरू की गई ‘अग्निवीर भर्ती प्रणाली’ भारतीय सशस्त्र बलों में सैनिकों की भर्ती का एक नया मॉडल है. इसे भारत सरकार ने जून 2022 में लागू किया था.

अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना और भारतीय नौसेना में युवाओं की भर्ती 4 साल के लिए की जाती है. इस योजना के तहत भर्ती होने वाले सैनिकों को अग्निवीर कहा जाता है.

अग्निवीर योजना की मुख्य बातें

  1. सेवा अवधि: 4 साल
  2. उम्र सीमा: लगभग 17.5 साल से 21 साल (कुछ भर्तियों में छूट भी दी गई)
  3. चयन: हर साल हजारों युवाओं की भर्ती
  4. स्थायी नौकरी: 4 साल बाद लगभग 25% अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में सेना में रखा जाता है.
  5. बाकी 75% युवाओं को सेवा निधि पैकेज देकर सेवानिवृत्त किया जाता है.

अग्निवीर सैलरी और लाभ

  1. शुरुआती वेतन लगभग 30 हजार रुपये प्रतिमाह
  2. 4 साल बाद लगभग 11-12 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज (टैक्स फ्री)
  3. बीमा कवर लगभग 48 लाख रुपये

अग्निवीर योजना का उद्देश्य

  1. सेना की औसत उम्र कम करना
  2. युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण देना
  3. अनुशासित और प्रशिक्षित युवाओं को समाज और अन्य नौकरियों में अवसर देना

इसी वजह से अब कई सरकारी विभाग जैसे भारतीय रेलवे, पुलिस और अन्य संस्थान पूर्व अग्निवीरों को नौकरी में प्राथमिकता देने की योजनाएं बना रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP