मदीना का काला खजाना! 700 से 1500 रुपये किलो बिकने वाला अजवा खजूर क्यों है इतना प्रीमियम, जानें इसकी खासियत

Share to your loved once


Ajwa Dates Benefits: खजूर का नाम आते ही मन में मिठास और सेहत दोनों की तस्वीर उभरती है, लेकिन खजूर की दुनिया में एक ऐसा नाम है जो स्वाद, पौष्टिकता और खास पहचान के लिए जाना जाता है-अजवा खजूर, अगर आपने अब तक सिर्फ साधारण खजूर ही खाए हैं, तो अजवा खजूर का अनुभव आपके लिए बिल्कुल नया और यादगार हो सकता है. इसका स्वाद गहरा, हल्का चॉकलेटी टच वाला और बेहद संतुलित मिठास लिए होता है, जो इसे बाकी किस्मों से अलग बनाता है. यही वजह है कि इसे प्रीमियम खजूर कहा जाता है और दुनिया भर में इसकी मांग रहती है. रमजान के दौरान रोजा खोलने में खजूर का खास महत्व होता है और उसी समय अजवा खजूर की चर्चा भी सबसे ज्यादा होती है.

पोषण के नजरिए से भी ये खजूर खास माने जाते हैं, क्योंकि इनमें कई जरूरी मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं. दिल, हड्डियों, इम्यूनिटी और ऊर्जा के लिए इसे फायदेमंद माना जाता है. आइए जानते हैं अजवा खजूर का स्वाद इतना खास क्यों होता है, ये कहां उगते हैं और इनके फायदे क्या हैं.

अजवा खजूर का स्वाद और कहां उगता है
दुनिया में सबसे ज्यादा खजूर की खेती सऊदी अरब में होती है, और अजवा खजूर खास तौर पर मदीना के इलाके में उगाया जाता है. यही इसकी असली पहचान भी है. अजवा खजूर आकार में छोटे, गहरे काले रंग के और हल्की झुर्रीदार सतह वाले होते हैं. इनका छिलका पतला और गूदा मुलायम व भरपूर होता है. स्वाद की बात करें तो ये न ज्यादा चिपचिपे होते हैं और न ही जरूरत से ज्यादा मीठे. इसमें हल्की कारमेल जैसी मिठास और नर्म बनावट होती है, जो इसे खाने में बेहद सुखद बनाती है. कई लोग इसे मिठाइयों, शेक या हेल्दी स्नैक में इस्तेमाल करते हैं, लेकिन असली मजा इसे सीधे खाने में ही आता है. यही वजह है कि अजवा खजूर को दुनिया के बेहतरीन खजूरों में गिना जाता है.

अजवा खजूर के फायदे

1. दिल के लिए अच्छा
अजवा खजूर में विटामिन बी कॉम्प्लेक्स और मैग्नीशियम पाए जाते हैं. ये पोषक तत्व दिल की धड़कन को संतुलित रखने में मदद करते हैं. माना जाता है कि ये खून में होमोसिस्टीन का स्तर कम करने में भी सहायक हो सकते हैं, जो दिल से जुड़ी परेशानियों का एक कारण माना जाता है.

2. हड्डियों और दांतों को मजबूती
इन खजूरों में कैल्शियम और फॉस्फोरस अच्छी मात्रा में होते हैं. ये दोनों मिनरल हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं. जो लोग कैल्शियम की कमी या हड्डियों में दर्द महसूस करते हैं, उनके लिए सीमित मात्रा में अजवा खजूर लेना फायदेमंद माना जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. तुरंत ऊर्जा देने वाला
अजवा खजूर में ग्लूकोज, फ्रक्टोज और सुक्रोज जैसे प्राकृतिक शुगर होते हैं, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं. कमजोरी, थकान या लो एनर्जी महसूस होने पर 2–3 अजवा खजूर काफी राहत दे सकते हैं. यही कारण है कि रोजा खोलते समय खजूर खाने की परंपरा है.

4. डायबिटीज में सीमित मात्रा
अजवा खजूर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बाकी कई मीठी चीजों से कम माना जाता है. इसलिए मधुमेह के मरीज भी डॉक्टर की सलाह से कम मात्रा में इसे ले सकते हैं. हालांकि ज्यादा मात्रा में सेवन करने से शुगर बढ़ सकती है, इसलिए संतुलन जरूरी है.

5. इम्यूनिटी को सहारा
अजवा खजूर में एंटीऑक्सीडेंट, सेलेनियम और कई जरूरी मिनरल होते हैं. ये शरीर की रक्षा क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. नियमित मात्रा में सेवन से संक्रमण से लड़ने की क्षमता बेहतर हो सकती है और शरीर में ताकत महसूस होती है.

6. गर्भावस्था में लाभ
गर्भावस्था के दौरान आयरन और ऊर्जा की जरूरत बढ़ जाती है. अजवा खजूर आयरन का अच्छा स्रोत माना जाता है, जो हीमोग्लोबिन स्तर बनाए रखने में मदद कर सकता है. कुछ अध्ययन बताते हैं कि खजूर गर्भाशय की मांसपेशियों को सक्रिय करने में सहायक हो सकते हैं. फिर भी गर्भावस्था में सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर है.

अजवा खजूर की कीमत
अजवा खजूर को प्रीमियम किस्म माना जाता है, इसलिए इसकी कीमत साधारण खजूरों से ज्यादा होती है. भारत में इसकी कीमत आम तौर पर 700 से 1500 रुपये प्रति किलो के बीच रहती है. गुणवत्ता, आकार और आयात लागत के आधार पर कीमत बदल सकती है. बड़े शहरों के ड्राई फ्रूट स्टोर या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ये आसानी से मिल जाते हैं.

अजवा खजूर सिर्फ स्वाद में खास नहीं, बल्कि पोषण और सेहत के लिहाज से भी बेहतरीन माना जाता है. दिल, हड्डियों, ऊर्जा और इम्यूनिटी के लिए इसके फायदे बताए जाते हैं. सीमित मात्रा में इसे डाइट में शामिल करना एक हेल्दी आदत बन सकता है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP