संजू सैमसन के मुरीद हुए अनिल कपूर, पारी को बताया ‘शानदार’, सुरभि ज्योति-आम्रपाली दुबे ने किया बल्लेबाज को सलाम
Last Updated:
संजू सैमसन ने ईडन गार्डन्स में नाबाद 97 रन की पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया. अनिल कपूर, आम्रपाली दुबे, सुरभि ज्योति और अली गोनी ने सोशल मीडिया पर संजू की सराहना की. अनिल ने संजू की बल्लेबाजी को लीडरशिप क्वैलिटी भी बताया. आम्रपाली और सुरभि ने सेमीफाइनल में एंट्री दिलाने के लिए धन्यवाद दिया.

अनिल कपूर ने संजू सैमसन की तारीफ की. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम @Anilskapoor)
मुंबई. क्रिकेटर संजू सैमसन ने रविवार रात को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में अकेले दम पर भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिलवा दिया, जिसके बाद हर कोई संजू की जमकर सराहना कर रहा है. इसी कड़ी में मनोरंजन जगत के दिग्गज भी पीछे नहीं है. अभिनेता अनिल कपूर ने सोशल मीडिया के जरिए संजू के मैच की जमकर सराहना की. अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम के जरिए सोमवार को क्रिकेटर संजू सैमसन की जमकर तारीफ की. उन्होंने स्टोरीज सेक्शन पर संजू की तस्वीर पोस्ट की.
अनिल कपूर ने संजू सैमसन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “संजू सैमसन की यह पारी सच में शानदार थी. दबाव के समय उन्होंने जिस तरह शांत रहकर खेला, पहले हालात को समझा और फिर सही समय पर तेजी दिखाई, वह बेहतरीन क्रिकेट का उदाहरण हैं. उन्होंने अपनी समझदारी से शॉट खेले और पूरे समय मैच पर नियंत्रण बनाए रखा. यह सिर्फ एक अच्छी पारी नहीं थी बल्कि, बल्ले से दिखाई गई शानदार लीडरशिप थी.”
अनिल कपूर का पोस्ट. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम @Anilskapoor)
वहीं, भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने भी इंस्टाग्राम के जरिए संजू को बधाई दी. उन्होंने स्टोरीज सेक्शन पर संजू की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “कौन सा दबाव? भारत ने कमाल का खेल दिखाया. शानदार मैच रहा. सैमसन को सलाम. बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई. सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया को बहुत-बहुत शुभकामनाएं.”
सुरभि ज्योति ने भी दी संजू सैमसन की तारीफ
सुरभि ज्योति ने भी इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन के जरिए संजू सैमसन को सेमीफाइनल का टिकट दिलवाने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने संजू की वीडियो शेयर कर लिखा, “धन्यवाद संजू.” टेलीविजन इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता अली गोनी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर संजू की तस्वीर शेयर कर लिखा, “मैं अपने बच्चों को संजू सैमसन की इस शानदार पारी के बारे में जरूर बताऊंगा.”
संजू सैमसन की यादगार पारी
बता दें कि वेस्टइंडीज ने भारतीय टीम को 196 रन का लक्ष्य दिया था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या के रूप में निरंतर झटके लगे, लेकिन पारी की शुरुआत करने आए संजू सैमसन अंत तक टिके रहे और टीम इंडिया को जीत दिलाकर ही लौटे. सैमसन ने 50 गेंदों पर 12 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन की पारी खेली. उनकी इस पारी की मदद से भारत ने 4 गेंद पहले 5 विकेट पर 199 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली. संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द मैच रहे.
About the Author
रमेश कुमार, सितंबर 2021 से न्यूज 18 हिंदी डिजिटल से जुड़े हैं. इससे पहले एबीपी न्यूज, हिंदीरश (पिंकविला), हरिभूमि, यूनीवार्ता (UNI) और नेशनल दुनिया में काम कर चुके हैं. एंटरटेनमेंट, एजुकेशन और पॉलिटिक्स में रूच…और पढ़ें