पहाड़ी स्टाइल में बनाएं भांग की चटनी, आलुओं में आ जाएगी जान, दुश्मन भी करेंगे तारीफ, जानें रेसिपी
Last Updated:
होली पर लगभग हर घर में बनने वाले चटपटे आलू के साथ अगर आप पहाड़ी स्टाइल की भांग, पुदीना और गुड़ से बनी खट्टी-मीठी चटनी परोसे तो स्वाद दोगुना हो जाएगा. भुनी हुई भांग की खुशबू, पुदीने की ताजगी और नींबू की हल्की खटास इस चटनी को बेहद खास बनाती है, जिसे खाकर हर कोई आपकी तारीफ करेगा. यह चटनी सिर्फ आलू के साथ ही नहीं, बल्कि पकौड़े, पराठे या दाल-चावल के साथ भी बहुत अच्छी लगती है. आइये इसे बनाने का तरीका जानते हैं.
अल्मोड़ा. होली के मौके पर हर घर में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं. कहीं गुजिया बनती है तो कहीं दही बड़े, लेकिन एक चीज जो लगभग हर घर में जरूर बनती है, वह है आलू की सब्जी या चटपटे आलू. होली के दिन मसालेदार और स्वादिष्ट आलू खाने का मजा ही अलग होता है. अगर आप भी इस बार अपने आलू के स्वाद को थोड़ा अलग और खास बनाना चाहते हैं, तो उनके साथ पहाड़ी स्टाइल की खास चटनी जरूर ट्राई करें. यह चटनी आपके साधारण आलू को भी बेहद स्वादिष्ट बना देगी.
कैसे बनाएं
लोकल 18 से बात करते हुए अल्मोड़ा की गृहणी पुष्पा जोशी बताती हैं कि इस चटनी को बनाने के लिए सबसे पहले आपको भांग के बीज लेने हैं. पहाड़ों में भांग की चटनी काफी पसंद की जाती है. सबसे पहले एक कढ़ाही या तवे को गर्म करें और उसमें भांग के बीज डालकर हल्का-हल्का भून लें. ध्यान रखें कि भांग को धीमी आंच पर ही भूनें. जब भांग से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग थोड़ा बदल जाए, तो समझ लीजिए कि वह अच्छी तरह भुन चुकी है. फिर गैस बंद कर दें और उसे थोड़ा ठंडा होने दें.
पुष्पा बताती हैं कि अब भुनी हुई भांग में ताजे पुदीने के पत्ते डालें. पुदीना चटनी को ठंडक और ताजगी देता है, जो खासकर होली और गर्मियों के मौसम में बहुत अच्छा लगता है. इसके बाद इसमें थोड़ा सा गुड़ मिलाएं. गुड़ डालने से चटनी में हल्की मिठास आती है और उसका स्वाद संतुलित हो जाता है. गुड़ की अपनी अलग खुशबू और स्वाद होता है, जो इस चटनी को खास बनाता है. अब भांग, पुदीना और गुड़ को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह पीस लें. आप चाहें तो थोड़ा सा पानी डाल सकते हैं ताकि पेस्ट आसानी से बन जाए. इसे इतना पीसें कि एकदम मुलायम और पतला पेस्ट तैयार हो जाए. जब पेस्ट तैयार हो जाए, तो इसे एक कटोरी में निकाल लें.
अब इस चटनी में खट्टापन लाने के लिए ताजा नींबू का रस डालें. नींबू चटनी के स्वाद को और भी निखार देता है. इसके बाद अपने स्वाद के अनुसार नमक और लाल मिर्च या हरी मिर्च डालें. अगर आपको ज्यादा तीखा पसंद है तो मिर्च थोड़ा ज्यादा डाल सकते हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। आपकी खट्टी-मीठी और चटपटी पहाड़ी चटनी तैयार है. जब आप इस चटनी को गरमा-गरम मसालेदार आलू के साथ परोसेंगे, तो खाने का मजा दोगुना हो जाएगा. यह चटनी सिर्फ आलू के साथ ही नहीं, बल्कि पकौड़े, पराठे या दाल-चावल के साथ भी बहुत अच्छी लगती है. एक बार अगर आपने यह पहाड़ी भांग की चटनी ट्राई कर ली, तो हर होली पर इसे जरूर बनाना चाहेंगे. परिवार और मेहमान दोनों ही इसकी खूब तारीफ करेंगे.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें