Sourav Ganguly backed Sanju Samson: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का समर्थन किया है.
Last Updated:
Sourav Ganguly backed Sanju Samson: वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो के मैच में 97 रनों की दमदार पारी खेलने वाले संजू सैमसन को लेकर सौर गांगुली ने कहा कि उन्हें टीम इंडिया में लगातार मौके मिलना चाहिए. गांगुली का मानना है कि संजू सफेद गेंद क्रिकेट का दमदार खिलाड़ी है.

सौरव गांगुली ने किया संजू सैमसन को सपोर्ट
कोलकाता: पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने संजू सैमसन को लेकर कहा कि उन्हें लिमिटेड ओवरों में लगातार मौके मिलना चाहिए. गांगुली का मानना है कि टी20 विश्व कप से पहले इस आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज की आलोचना समझ से परे था. सैमसन की 50 गेंद में नाबाद 97 रन की पारी से भारत ने रविवार को यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘वर्चुअल क्वार्टरफाइनल’ में 196 रन के लक्ष्य का पीछा किया. इसे एक शानदार पारी बताते हुए गांगुली ने कहा, ‘‘वह बहुत अच्छा खिलाड़ी है. उसे सफेद गेंद के क्रिकेट में भारत के लिए लगातार खेलना चाहिए, शत प्रतिशत.’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह मुकाबला लगभग क्वार्टर फाइनल जैसा था और 97 रन पर नाबाद रहना उसके कौशल को दिखाता है. वह इस तरह का खिलाड़ी है. जब वह मैदान में उतरता है तो विरोधी टीम को नुकसान पहुंचाता है.’’ सैमसन ने यह पारी उस दिन खेली जब भारत के मुख्य बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या सस्ते में आउट हो गए. लेकिन सैमसन ने दबाव से अच्छी तरह निपटते हुए आखिर तक बिना किसी जोखिम के बल्लेबाजी की.
संजू सैमसन ने खेली रिकॉर्ड 97 रनों की पारी
गांगुली ने आगे कहा, ‘‘वह परिस्थिति के हिसाब से खेला और यह जरूरी था. इससे हम सभी को यह सीख मिलती है कि यह वही लड़का है जो पिछले छह महीनों में टीम में अपनी जगह नहीं बना पाया, भले ही ईशान किशन पारी का आगाज कर रहा हो या कोई और आ रहा हो.’’ उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप से ठीक पहले मैं अखबार में पढ़ता था कि ‘संजू फिर विफल हो गया’, ‘वह टीम में शामिल होने का हकदार नहीं’, ‘भारत में इतनी प्रतिभा है, शुभमन गिल टीम में क्यों नहीं है?’ और फिर यही लड़का क्वार्टरफाइनल जैसे मैच 97 रन बनाकर नाबाद रहता है और आपको सेमीफाइनल में पहुंचा देता है. ’’
इंग्लैंड के साथ है भारत का सेमीफाइनल
गांगुली ने यह भी कहा कि इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज से ज्यादा मुश्किल होगी और कहा कि मुंबई में सेमीफाइनल की मुश्किल पार करने के लिए घरेलू टीम को अपनी बेहतरीन फॉर्म बनाए रखनी होगी. गांगुली ने यहां एक बैठक के दौरान कहा, ‘‘इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज से ज्यादा मजबूत प्रतिद्वंद्वी होगी. उन्हें वैसा ही खेलना होगा जैसा उन्होंने कल के मैच में जीत दिलाई थी.” भारत के लिए सबसे अच्छी बात यह रही है कि टी20 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ निराशाजनक सीरीज के बाद संजू सैमसन ने शीर्ष क्रम में फॉर्म में वापसी की है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें