दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम, 15 से ज्यादा मामलों में शामिल है आरोपी, ‘बंदर’ अरेस्ट
Last Updated:
सीलमपुर में मोबाइल स्नैचिंग के आरोपी सोनू उर्फ बंदर को पुलिस ने गिरफ्तार किया, उसके खिलाफ 15 से ज्यादा केस दर्ज हैं. पीड़िता का मोबाइल बरामद हुआ, जांच जारी है.

क्राइम न्यूज. दिल्ली के उत्तर-पूर्व जिले के सीलमपुर इलाके में हुई मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को पुलिस ने तेजी से सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता का छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है. आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है और उसके खिलाफ 15 से ज्यादा केस दर्ज पाए गए हैं.
पुलिस के अनुसार यह घटना 25 फरवरी 2026 की दोपहर की है. सीलमपुर थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवती ने स्नैचिंग की शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़िता ने बताया कि वह एक टीएसआर यानी ऑटो रिक्शा में सफर कर रही थी. जब ऑटो धर्मपुरा ट्रैफिक सिग्नल के पास धीमा हुआ, तभी अचानक एक अज्ञात युवक उसके पास आया और हाथ में पकड़ा मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूरी जानकारी ली. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सीलमपुर में एफआईआर नंबर 92/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा में केस दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरपाल सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय सूत्रों से भी जानकारी जुटाई. तकनीकी निगरानी और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद के भोपुरा निवासी 25 वर्षीय सोनू उर्फ बंदर को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली. इसके बाद उसकी निशानदेही पर पीड़िता का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया.
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है. उसके खिलाफ पहले से ही लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े 15 से अधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है और राह चलते लोगों को आसान निशाना बनाता था.
उत्तर-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि इलाके में स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण इस मामले को कम समय में सुलझा लिया गया. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ट्रैफिक सिग्नल या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें.
फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हाल के अन्य मामलों में भी शामिल रहा है या नहीं. मामले की जांच अभी जारी है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें