Pakistan exit from T20 World Cup sparked uproar: पाकिस्तान के टी20 विश्व कप से बाहर होते ही पूर्व क्रिकेटरों का गुस्सा फूट पड़ा है.
Last Updated:
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जमकर आलोचना हो रही है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों ने खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम के खराब मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं. इसके साथ ही ये माना जा रहा है कि सलमान आगा से पाकिस्तान की कप्तानी छीनी जा सकती है.

पाकिस्तान क्रिकेट टीम
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई. श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को अपने आखिर सुपर-8 मैच में 5 रन से जीत मिली थी, लेकिन रन रेट के मामले में वह न्यूजीलैंड से पिछड़ गई, जिलकी वजह पाकिस्तानी टीम खिताबी रेस से बाहर हो गई है. ऐसे में अब पाकिस्तान के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद वहां पूर्व क्रिकेटर्स अपने खिलाड़ियों पर भड़ास निकाल रहे हैं.
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने कहा, ‘‘आपको अपने देश के क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन की छाप छोड़ने के लिए दो साल में एक मौका मिलता है और आप फिर से विफल हो जाते हैं. यह सब देखना बहुत निराशाजनक है.’’ मियांदाद ने कहा कि ऊंची रैंकिंग वाली टीम के खिलाफ टीम का प्रदर्शन बहुत बड़ी चिंता की बात है और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को अब कुछ बड़े फैसले लेने की जरूरत है.
सलमान आगा की कप्तानी से छुट्टी होना तय
पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि कुछ खिलाड़ियों को टी20 क्रिकेट में खुद को स्थापित करने के लिए बहुत ज्यादा मौके दिए गए और वे बड़े टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘अब आगे बढ़ने और अपनी गलतियों से सीखने का समय है.’’ पूर्व कप्तान मोइन खान ने कहा कि जब तक पाकिस्तान ऊंची रैंकिंग वाली टीमों को नहीं हरा पाता, तब तक वह कभी भी आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत पाएगा. उन्होंने दुख जताते हुए कहा, ‘‘आप कोई बड़ा टूर्नामेंट तब तक नहीं जीत सकते जब तक आपके पास शीर्ष टीमों को हराने की काबिलियत नहीं हो. बदकिस्मती से हमने चयन और मैदान पर बहुत सारी गलतियां की हैं. इससे भी जरूरी बात यह है कि हमारे मुख्य खिलाड़ी विश्व कप में अच्छा नहीं कर पाए.’’
पूर्व कप्तान बाबर आजम, मौजूदा कप्तान सलमान अली आगा और शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद नवाज जैसे दूसरे सीनियर खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना हो रही है. आगा के घर लौटने के बाद उन्हें कप्तानी के पद से हटाने की उम्मीद है. पाकिस्तान के कोच रह चुके सकलेन मुश्ताक को भी अपने दामाद शादाब के प्रदर्शन का दोष मुख्य कोच माइक हेसन पर डालकर उनका बचाव करने की कोशिश करने के लिए काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें