12 घंटे में पुलिस पकड़ा लाई शातिर स्नैचर, मुखबिर नेटवर्क बना मददगार, आईफोन बरामद

Share to your loved once


क्राइम न्‍यूज. दिल्ली के करोल बाग इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को दिल्ली पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से छीना गया आईफोन भी बरामद कर लिया है. तेज जांच, सीसीटीवी फुटेज की मदद और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से यह सफलता मिली.

दिल्ली पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब शिकायतकर्ता 24 फरवरी 2026 की रात अपने करोल बाग स्थित दुकान से घर लौट रहा था. उसने न्यू रोहतक रोड से रैपिडो के जरिए एक टीएसआर बुक किया था. रात करीब 8.40 बजे जब वह टीएसआर चालक को ओटीपी बता रहा था, तभी अचानक पैदल आया एक युवक उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भाग गया.

घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित कुछ समझ ही नहीं पाया. उसने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन युवक लिबर्टी सिनेमा के पास खाली और घनी जगह की ओर भाग निकला और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. मामले में थाना डीबीजी रोड में FIR नंबर 69/2026 के तहत केस दर्ज किया गया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. एसएचओ डीजीबी रोड और एसीपी पहाड़गंज की निगरानी में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम में एएसआई मोहन लाल, हेड कांस्टेबल सुरेश, कांस्टेबल श्याम लाल, संजय, सौरभ और रोहित शामिल थे. पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच शुरू की.

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी घटना स्थल के आसपास घूमता हुआ दिखाई दिया. तकनीकी विश्लेषण और लगातार ट्रैकिंग के बाद पुलिस को आरोपी की स्पष्ट तस्वीर मिल गई. इस तस्वीर को इलाके के मुखबिरों के बीच साझा किया गया. स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान दीपक उर्फ कालिया उर्फ जानू के रूप में हुई, जो बापा नगर का रहने वाला है.

पहचान होने के बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया. आखिरकार टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से छीना गया आईफोन भी बरामद कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी की उम्र 22 साल है और वह पहले भी कई स्नैचिंग और चोरी के मामलों में शामिल रह चुका है.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ करोल बाग, डीजीबी रोड, लाहौरी गेट और सराय रोहिल्ला थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं. इससे साफ है कि वह पेशेवर तरीके से अपराध करता रहा है.

दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस केस में तेज प्रतिक्रिया, तकनीकी जांच और मुखबिर नेटवर्क की अहम भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि राजधानी में स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट अनंत मित्तल ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP