स्कूटी पर घूमकर करते थे कांड, छोटी सी गलती से खुल गया राज, दिल्ली पुलिस के जाल में फंसे आरोपी
Last Updated:
दिल्ली के पहाड़गंज में मोबाइल स्नैचिंग करने वाले रोहन उर्फ सुमित और रोहित को पुलिस ने चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी सहित गिरफ्तार किया. सीसीटीवी और निगरानी से राज खुला.

क्राइम न्यूज. दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. स्कूटी पर घूमकर लोगों को निशाना बनाने वाले इन आरोपियों की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की लगातार निगरानी की मदद से संभव हो सकी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल अपराध में किया जा रहा था.
यह मामला 15 फरवरी 2026 का है, जब उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति झंडेवालान एक्सटेंशन इलाके में किसी का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक अचानक उनके पास पहुंचे और उनका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पहाड़गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR नंबर 124/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया. इस टीम में एएसआई जितेंद्र, हेड कांस्टेबल जगवीर, राजीव, वीरेंद्र, कांस्टेबल दीपक और पुनीत शामिल थे. टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया. इसके साथ ही तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस भी शुरू की गई ताकि आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके.
लगातार जांच के दौरान पुलिस को 25 फरवरी को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल युवक सदर थाना रोड इलाके में आने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को स्कूटी सहित पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहन उर्फ सुमित (24 वर्ष), निवासी मोतिया खान, नबी करीम और रोहित (20 वर्ष), निवासी करोल बाग के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान दोनों ने स्नैचिंग की वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली. उन्होंने बताया कि गलत संगत में पड़ने के बाद उन्होंने आसान पैसे कमाने के लिए इस तरह के अपराध करना शुरू किया.
आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि छीना गया मोबाइल फोन उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को दे दिया था. फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है ताकि मोबाइल फोन को बरामद किया जा सके और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.
जांच के दौरान बरामद होंडा एक्टिवा स्कूटी भी चोरी की निकली. पुलिस के अनुसार यह स्कूटी मोती नगर थाना क्षेत्र से 9 फरवरी 2026 को चोरी हुई थी और उसी वाहन का इस्तेमाल स्नैचिंग की वारदात में किया गया था.
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इलाके में स्नैचिंग और स्ट्रीट क्राइम पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है. पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है. इस गिरफ्तारी को पहाड़गंज इलाके में बढ़ते अपराध पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें