मुरादाबाद में संपत्ति के झगड़े में खून-खराबा, महिला जज के पिता की दिनदहाड़े हत्या से दहला शहर
Last Updated:
शुक्रवार को इफ्तार के बाद असद अपने छोटे साले मुजाहिद के साथ स्कूटी से कोतवाली क्षेत्र की लाल मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे थे. जैसे ही वे नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव चौराहे पर पहुंचे, तभी बाइक सवार जफर अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि उसने असद के सिर पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया.

मुरादाबाद: यूपी के मुरादाबाद में शुक्रवार शाम रोजा इफ्तारी के बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दरअसल, जिगर कॉलोनी निवासी और बेकरी व्यवसायी मोहम्मद असद को उनके ही बड़े साले ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस वारदात के पीछे, संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद और रंगदारी की मांग बताई जा रही है.
क्या है पूरी बात
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद असद का अपने बड़े साले जफर से लंबे समय से विवाद चल रहा था. इतना ही नहीं जफर पर हिस्ट्रीशीटर होने का आरोप भी है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से असद से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था. इसे लेकर असद ने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था.
सिर में मारी गोली
शुक्रवार को इफ्तार के बाद असद अपने छोटे साले मुजाहिद के साथ स्कूटी से कोतवाली क्षेत्र की लाल मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे थे. जैसे ही वे नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव चौराहे पर पहुंचे, तभी बाइक सवार जफर अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि उसने असद के सिर पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया.
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल असद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक असद अपने पीछे एक बेटा और तीन बेटियां छोड़ गए हैं. उनकी एक बेटी और दामाद न्यायिक सेवा में हैं और वर्तमान में बुलंदशहर में तैनात बताए जा रहे हैं.
जल्द होगी गिरफ्तारी
वहीं इस घटना के बाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसएसपी ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें