भारत ने जिम्बाब्वे को हराया, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार, 1 मार्च को वेस्टइंडीज से होगी टक्कर

Share to your loved once


होमखेलक्रिकेट

भारत ने जिम्बाब्वे को हराया, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार, अब विंडीज से टक्कर

Last Updated:

IND vs ZIM Match Report Highlights: भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखी है. टीम इंडिया ने अपने दूसरे सुपर 8 मैच में जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराया. भारतीय टीम अब 1 मार्च को वेस्टइंडीज से भिड़ेगी. इस मैच की विजेता टीम सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी. ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मैच नॉकआउट बन गया है.

भारत ने जिम्बाब्वे को हराया, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार, अब विंडीज से टक्कर Zoom

भारत ने जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखी.

नई दिल्ली.  भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है. चेन्नई के चेपॉक में खेले गए अपने दूसरे सुपर 8 मैच में भारत ने जिम्बाब्वे के सामने पहाड़नुमा स्कोर खड़ा किया जिसके नीचे जिम्बाब्वे की टीम दब गई.  भारतीय टीम अब 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी. इस मुकाबले की विजेता टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा. भारत की जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप एक से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया. भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को होने वाले मैच से ग्रुप से सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम का फैसला होगा.

भारत की ओर से रखे गए रिकॉर्ड 257 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी. जिम्बाब्वे की ओर से ब्रायन बेनेट ने सबसे ज्यादा नाबाद 97  रन बनाए.  ओपनर ब्रायन बेनेट और तादिवानाशे मारुमानी ने जिम्बाब्वे को सतर्क शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की. मारुमानी को 20 रन के निजी स्कोर पर अक्षर पटेल ने ईशान किशन के हाथों कैच कराया.इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने डियोन मायस को तिलक वर्मा के हाथों लपकवाया.  भारत की ओर से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सबसे अधिक तीन विकेट चटकाए जबकि वरुण, अक्षर और शिवम दुबे ने एक एक विकेट लिया.

भारत ने जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखी.

भारत ने 4 विकेट पर 256 रन बनाए
इससे पहले, हार्दिक पंड्या और अभिषेक शर्मा के अर्धशतक से भारत ने 4 विकेट पर 256 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा और मौजूदा टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर है. पंड्या ने 23 गेंद में चार छक्कों और दो चौकों से नाबाद 50 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (नाबाद 44, 16 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के साथ पांचवें विकेट के लिए 31 गेंद में 84 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. फॉर्म में वापसी करने वाले अभिषेक ने इससे पहले 30 गेंद में चार छक्कों और इतने ही चौकों से 55 रन की पारी खेलने के अलावा संजू सैमसन (24) के साथ पहले विकेट के लिए 48 और इशान किशन (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करने भारत को ठोस मंच दिया. कप्तान सूर्यकुमार यादव (33) ने भी उपयोगी पारी खेली.

जिम्बाब्वे के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए
जिम्बाब्वे के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए. ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार ओवर में 62 रन लुटाकर एक विकेट हासिल किया. ब्रेड इवांस ने भी चार ओवर में 52 रन खर्च किए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 80 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की.सैमसन ने नगारवा की मैच की दूसरी गेंद पर छक्के से खाता खोला और फिर ब्लेसिंग मुजरबानी (43/1) पर भी छक्का जड़ा. अभिषेक ने टिनोटेंडा मपोसा (40 रन पर एक विकेट) का स्वागत दो चौकों और एक छक्के से किया जिससे तीसरे ओवर में 23 रन बने.

रेयान बर्ल को कैच दे बैठे सैमसन
सैमसन हालांकि मुजरबानी के अगले ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर रेयान बर्ल को कैच दे बैठे. इशान ने भी नगारवा पर दो चौकों के साथ अच्छी शुरुआत की. अभिषेक ने ब्रेड इवांस और नगारवा पर भी छक्के जड़े. इशान 10वें ओवर में 26 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब ब्रायन बेनेट की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलते हुए गेंद को हवा में लहरा गए लेकिन बाउंड्री पर ताशिंगा मुसेकिवा उनका कैच लपकने में नाकाम रहे. इसी गेंद पर भारत के रनों का शतक पूरा हुआ. अभिषेक ने रजा (29/1) की गेंद पर एक रन के साथ 26 गेंद में टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया.

इशान ने भी रजा की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा
इशान ने भी रजा की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा लेकिन अगली गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर नगारवा को कैच दे बैठे. सूर्यकुमार भी भाग्यशाली रहे जब इवांस की गेंद पर बैवर्ड स्क्वायर लेग पर मुजरबानी उनका कैच लपकने में नाकाम रहे. सूर्यकुमार ने दूसरे स्पैल के लिए आए मपोसा का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया लेकिन अभिषेक इसी ओवर में लॉन्ग ऑन पर रजा को कैच दे बैठे। उन्होंने 30 गेंद का सामना करते हुए चार छक्के और इतने ही चौके मारे. बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए हार्दिक पंड्या ने रेयान बर्ल पर छक्के के साथ शुरुआत की.

तिलक ने छक्के के साथ भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया
सूर्यकुमार ने नगारवा पर छक्का जड़ा लेकिन एक गेंद बाद मुसेकिवा को कैच दे बैठे। उन्होंने 13 गेंद की अपनी पारी में दो छक्के और तीन चौके मारे. तिलक वर्मा ने इवांस पर छक्के के साथ 17वें ओवर में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया उन्होंने 18वें ओवर में मुजरबानी पर छक्का मारने के अलावा अगले ओवर में नगारवा पर लगातार दो छक्के जड़े.पंड्या ने इवांस पर लगातार दो छक्कों के साथ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP