जीत के बाद भी खुश नहीं हैं सूर्यकुमार यादव? बिना नाम लिए इन खिलाड़ियों की लगाई क्लास
Last Updated:
Suryakumar Yadav statement: जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 में 72 रनों से जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार गदगद हैं. टीम इंडिया के लिए ये जीत बहुत ही जरूरी थी. क्योंकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में मिली हार के बाद भारतीय टीम को सेमीफाइनल से बाहर होने का खतरा हो गया था, लेकिन अब उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के बाद सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने टीम इंडिया की बॉलिंग पर अपनी चिंता जाहिर की.

मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने गेंदबाजी पर जताई चिंता
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे पर 72 रन से जीत दर्ज कर धमाकेदार वापसी की है. इस जीत के बाद अब भारतीय टीम के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मुकाबला करो या मरो का हो गया है. जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रन का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया. इसके बचाव में भारतीय गेंदबाजों ने भी 184 रन खर्च दिए. यही वजह है कि मैच में जीत के बाद भी टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी बॉलिंग को चिंता जाहिर की. बता दें कि गेंदबाजी में शिवम दुबे ने 2 ओवर में ही 46 रन लुटा दिए. इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ रन बने.
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “हम सब कुछ पीछे छोड़कर आगे बढ़ना चाहते थे. अहमदाबाद के पिछले मैच या लीग स्टेज में हमने क्या किया, इस बारे में हमने ज्यादा नहीं सोचा. हमारे वीडियो एनालिस्ट ने सभी बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए एक स्लाइड तैयार की थी, जिसमें यह दिखाया गया था कि पिछले एक साल में हमने क्या-क्या अच्छा किया है. हमने उसे देखा उससे सकारात्मकता ली और पूरी स्पष्टता के साथ मैदान पर उतरे. टॉप ऑर्डर से लेकर नंबर सात तक सभी के योगदान के साथ, मुझे लगता है कि हमारे प्रदर्शन में शायद ही कोई कमी थी.”
सूर्यकुमार यादव ने गेंदबाजी को लेकर क्या कहा?
टीम इंडिया की गेंदबाजी को लेकर सूर्यकुमार यादव ने कहा, “सच कहूं तो गेंदबाजी में हम थोड़े और बेहतर हो सकते थे, लेकिन दिन के अंत में जीत तो जीत होती है और हम इसे लेकर आगे बढ़ेंगे. वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने से पहले हम अपनी कुछ कमियों को जरूर सुधारेंगे. मैं जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों से उनका श्रेय नहीं छीनना चाहता. उन्होंने बहुत शानदार बल्लेबाजी की. पिच अच्छी थी, लेकिन जिस तरह से उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाया. पावरप्ले में समय लेना और फिर समझदारी से तेजी लाना. वो काबिले तारीफ था. इसका श्रेय उन्हें भी जाता है. हालांकि, गेंदबाजी के नजरिए से, हम कुछ खास मौकों पर थोड़े और समझदार विकल्प चुन सकते थे.”
उन्होंने कहा, “ऐसी स्थितियों में हमें अपने फैसलों में साहसी होने की जरूरत है. सकारात्मक रास्ता चुनने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है. एक बार जब हम कोलकाता पहुंच जाएंगे तो हम बैठकर उस मैच के लिए ठीक से योजना बनाएंगे. फिलहाल ये समय एक दिन की छुट्टी लेने, ट्रैवल करने और आराम करने का है.”
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें