CCTV ने खोली पोल, मोबाइल सिग्नल ने बताया ठिकाना, ऐसे सुलझी क्राइम की गुत्थी
Last Updated:
दिल्ली में वंश बंसल के रेडमी मोबाइल स्नैचिंग केस में कोतवाली थाना पुलिस ने CCTV और मोबाइल सिग्नल से नदीम और नसीम को गीता कॉलोनी पुश्ता से गिरफ्तार किया. बाइक भी बरामद हुई.

क्राइम न्यूज. राजधानी दिल्ली में अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी से वारदात को अंजाम दें, लेकिन तकनीक से बच पाना अब आसान नहीं रह गया है. कोतवाली थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले को ठीक इसी तरह सुलझाया, जहां सीसीटीवी कैमरों ने बदमाशों की पहचान कराई और मोबाइल सिग्नल ने पुलिस को सीधे उनके ठिकाने तक पहुंचा दिया.
मामला 15 फरवरी 2026 की सुबह का है. वंश बंसल नाम के युवक अपने दोस्त के साथ स्कूटी से कोडिया पुल की ओर जा रहे थे. सुबह करीब 6:30 बजे ओल्ड दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास ट्रैफिक सिग्नल पर पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ से रेडमी मोबाइल फोन झपट लिया और फरार हो गए.
शिकायत मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की. इंस्पेक्टर ज्ञान प्रकाश की अगुवाई में बनाई गई टीम ने सबसे पहले घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में दो युवक हेलमेट पहनकर वारदात करते दिखाई दिए.
जांच यहीं नहीं रुकी. पुलिस ने आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों पर लगे कैमरे भी चेक किए. एक कैमरे में दोनों आरोपी बिना हेलमेट के साफ नजर आए, जिससे उनकी पहचान आसान हो गई. इसके बाद फोटो स्थानीय सूत्रों के बीच साझा की गई और संदिग्ध इलाकों में लगातार निगरानी शुरू कर दी गई.
इसी दौरान छीने गए मोबाइल फोन के तकनीकी इनपुट और सिग्नल लोकेशन ने भी पुलिस को अहम सुराग दिए. मोबाइल की गतिविधियों से पुलिस को अंदाजा हुआ कि आरोपी शहर के पूर्वी इलाके में सक्रिय हैं.
लगातार फील्ड वेरिफिकेशन के बाद 23 फरवरी की शाम पुलिस ने गीता कॉलोनी पुश्ता इलाके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उस समय वे चोरी की बाइक पर घूम रहे थे और नई वारदात की तलाश में थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम और नसीम उर्फ शानू उर्फ नकली के रूप में हुई. पूछताछ में दोनों ने स्नैचिंग की वारदात कबूल कर ली. पुलिस ने नदीम के घर से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया. जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल यामाहा बाइक पहले से चोरी की थी.
सख्त पूछताछ के दौरान एक और बाइक चोरी का खुलासा हुआ, जिसके बाद वेलकम इलाके से बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई. पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई से स्नैचिंग और वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा हुआ है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें