Meerut Ramraj Murder Case| Meerut Crime News| मेरठ लोकल न्यूज़| मेरठ क्राइम न्यूज़
Meerut Ramraj Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में बुधवार दोपहर एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी की बीच बाजार में कनपटी पर पिस्टल सटाकर हत्या कर दी. वारदात इतनी वीभत्स थी कि आरोपी ने पहली गोली मारने के बाद सरेआम चुनौती दी और फिर दूसरी गोली मारकर युवक का भेजा उड़ा दिया. इतना ही नहीं, हत्या करने के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक 4 मिनट का वीडियो जारी किया, जिसमें उसने न केवल इस कत्ल की जिम्मेदारी ली, बल्कि पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए अपनी पत्नी और अन्य महिलाओं को भी जान से मारने की धमकी दी है.
सीसीटीवी में कैद हुई दहशत
घटना बुधवार दोपहर करीब 1:35 से 1:45 बजे के बीच की है. रामराज के मोहल्ला जगजीवनपुरी निवासी सुरेंद्र (28) उर्फ सुनील उर्फ गाबा अपनी बाइक से बाजार से गुजर रहा था. जैसे ही वह सनातन धर्म मंदिर के सामने पहुंचा, पीछे से आए नकाबपोश हमलावर प्रदीप धीमान ने उसे घेर लिया. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, प्रदीप ने पहले सुरेंद्र की कमर में गोली मारी. गोली लगते ही सुरेंद्र बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा.
इसके बाद प्रदीप ने भागने के बजाय चिल्लाकर कहा, ‘है कोई माई का लाल जो इसे बचा ले?’ इसके तुरंत बाद उसने सुरेंद्र के पास जाकर उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर दूसरी गोली दाग दी. सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराता हुआ अपनी बाइक से फरार हो गया.
इंस्टाग्राम पर वायरल किया कबूलनामा
हत्या के कुछ ही देर बाद आरोपी प्रदीप धीमान ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘मौत का खौफ 302’ से एक वीडियो वायरल किया. इस वीडियो में वह चलती बाइक पर हथियार दिखाते हुए बेहद उग्र अंदाज में बात कर रहा है. उसने कहा,
मैंने अपना बदला ले लिया है. आज डेढ़ साल बाद सुरेंद्र मिला और उसे मार दिया. मेरी पत्नी जो भाग गई थी, अब उसे भी मारूंगा. मैं किसी से नहीं डरता. एसएसपी मेरठ और सभी थानों को यह वीडियो भेज दो. मैं अपने साथ ढाई मीटर का कफन लेकर चलता हूं.’
आरोपी ने वीडियो में यह भी दावा किया कि वह उन सभी महिलाओं को निशाना बनाएगा जो अपने पति को छोड़कर भागती हैं. उसने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि उसे हथियार उठाने के लिए मजबूर किया गया.
डेढ़ साल पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग का मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की जड़ें डेढ़ साल पुराने एक प्रेम प्रसंग में छिपी हैं. मृतक सुरेंद्र का आरोपी प्रदीप की पत्नी पूनम के साथ अफेयर था. करीब डेढ़ साल पहले पूनम अपने दो बच्चों और पति को छोड़कर सुरेंद्र के साथ फरार हो गई थी. दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी और साथ रह रहे थे. प्रदीप इस बात से बुरी तरह आहत था और उसने सुरेंद्र को खत्म करने की कसम खाई थी. परिजनों का आरोप है कि करीब आठ महीने पहले भी प्रदीप ने सुरेंद्र के घर पर फायरिंग की थी, लेकिन तब पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की, जिसका नतीजा आज इस हत्या के रूप में सामने आया है.
परिजनों का फूटा गुस्सा, शव रखकर लगाया जाम
गुरुवार सुबह जब सुरेंद्र का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. उन्होंने शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर रामराज पुलिस चौकी के पास जाम लगा दिया. परिजनों की मांग है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए क्योंकि वह खुलेआम घूम रहा है और अन्य लोगों को भी मारने की धमकी दे रहा है.
मवाना के क्षेत्राधिकारी (CO) पंकज लवानिया और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जिसके बाद करीब 40 मिनट बाद जाम खोला गया.
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं. पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल कर रही है. एसपी देहात ने कहा,
मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की पहचान प्रदीप धीमान के रूप में हुई है. वायरल वीडियो की सत्यता जांची जा रही है और आरोपी द्वारा पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की भी विभागीय जांच की जाएगी. जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा.