टी20 में 13 बार भिड़े हैं भारत-जिम्बाब्वे, किसको कितने मैचों में मिली जीत? इन 4 खिलाड़ियों के बीच होगी कड़ी टक्कर

Share to your loved once


नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब अपने चरम पर है. गुरुवार, 26 फरवरी को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में एक ऐसा मुकाबला होने जा रहा है, जो भारत के लिए करो या मरो की तरह है. भारत और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने होंगी, जहां हार का मतलब टूर्नामेंट से लगभग बाहर होना है. सुपर-8 के ग्रुप-1 में दोनों ही टीमों की शुरुआत अच्छी नहीं रही है. भारत को दक्षिण अफ्रीका से और जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा. अब सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए टीम इंडिया को न सिर्फ यह मैच जीतना होगा, बल्कि नेट रन-रेट पर भी नजर रखनी होगी.

इतिहास गवाह है कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच मुकाबला हमेशा दिलचस्प रहा है. साल 2002 के बाद यह पहली बार है जब भारत अपनी सरजमीं पर जिम्बाब्वे की मेजबानी कर रहा है. दोनों टीमों के बीच अभी तक 13 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं जहां भारत ने 10 मैच जीते हैं वहीं जिम्बाब्वे के खाते में तीन जीत दर्ज हैं. आंकड़ों में भले ही टीम इंडिया का दबदबा दिख रहा हो, लेकिन जिम्बाब्वे की टीम उलटफेर करने में माहिर है. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने बड़ी टीमों को धूल चटाई है, जिससे सूर्यकुमार यादव की सेना को सावधान रहना होगा.

भारत जिम्बाब्वे टी20 में 14वीं बार होंगे आमने सामने.

इन 4 खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजरें (Key Players)

ईशान किशन: एक ओर जहां भारतीय टॉप ऑर्डर संघर्ष कर रहा है, वहीं ईशान किशन ने अपनी चमक बिखेरी है. इस टूर्नामेंट में दो अर्धशतक जड़ चुके ईशान टीम इंडिया की सबसे बड़ी उम्मीद हैं. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की लय बिगाड़ सकती है.

वरुण चक्रवर्ती : अहमदाबाद की सपाट पिच पर वरुण थोड़े फीके नजर आए थे, लेकिन चेन्नई उनका ‘होम ग्राउंड’ जैसा है. यहां की टर्निंग पिच पर उनकी मिस्ट्री स्पिन जिम्बाब्वे के मिडिल ऑर्डर के लिए काल बन सकती है.

सिकंदर रजा: जिम्बाब्वे के कप्तान और दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक सिकंदर रजा अगर चले, तो अकेले दम पर मैच का रुख पलट सकते है. श्रीलंका के खिलाफ हालिया मैच जिताऊ पारी इसका सबूत है.

ब्लेसिंग मुजरबानी: मुजरबानी की लंबाई और अतिरिक्त उछाल भारतीय बल्लेबाजों, खासकर अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा को परेशान कर सकती है. पावरप्ले में उनका स्पेल मैच की दिशा तय करेगा.

चेन्नई की पिच और समीकरण
चेन्नई की पिच आमतौर पर धीमी होती है और स्पिनरों को मदद करती है. भारत के पास कुलदीप, अक्षर और वरुण जैसे विश्व स्तरीय स्पिनर हैं, जो जिम्बाब्वे के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं. हालांकि, भारत को केवल जीत ही नहीं चाहिए, बल्कि यह भी दुआ करनी होगी कि जिम्बाब्वे या वेस्टइंडीज में से कोई एक टीम दक्षिण अफ्रीका को हरा दे, ताकि सेमीफाइनल की राह आसान हो सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP