दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में वेस्टइंडीज की हार की दुआ करेगी टीम इंडिया… कैरियबन टीम की जीत पर भारत की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
अहमदाबाद. टी20 वर्ल्ड कप सुपर आठ में गुरुवार को वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी. वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाजों को दक्षिण अफ्रीका के शानदार गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना पड़ेगा. दक्षिण अफ्रीका ने पिछले मैच में भारतीय टीम को इसी मैदान पर 76 रन से हराया था, जबकि वेस्टइंडीज ने मुंबई में जिम्बाब्वे को 107 रन से हराया था. वेस्टइंडीज के पास ऐसे बल्लेबाज हैं जो अकेले दम पर मैच जीत सकते हैं, लेकिन अब उन्हें दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों से भिड़ना होगा जिन्होंने रविवार को भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था. मुकाबला दोपहर तीन बजे से खेला जाएगा.
मार्को यानसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडि लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज भी कम नहीं हैं और डेविड मिलर ने कई बार टीम को संकट से बाहर निकाला है. भारत के खिलाफ पावरप्ले में कई विकेट गिरने के बाद मिलर ने पारी को संभाला था. इस मुकाबले में कुछ खास टक्कर भी देखने को मिलेगी, जैसे शिमरोन हेटमायेर रबाडा की गेंदों का सामना कैसे करते हैं या रोवमैन पॉवेल को महाराज की स्पिन कितनी परेशानी देती है. मिलर का अनुभव अकील हुसैन के सामने कितना काम आता है या यानसेन की गेंदों की उछाल ब्रेंडन किंग को पसंद आती है या नहीं. यह मैच दिन में खेला जाएगा, तो ओस नहीं होगी और टॉस का महत्व कम रहेगा.
वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने सामने हैं.
पिच सूखी रहने से शुरुआत में स्पिनरों की भूमिका हो सकती है
पिच सूखी रहने से शुरुआत में स्पिनरों की भूमिका हो सकती है. दक्षिण अफ्रीका ने अपने ज्यादातर मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर ही खेले हैं, जिससे टीम यहां की परिस्थितियों में ढल चुकी है. इसका फायदा उसे इस अहम मैच में मिल सकता है. अगर वेस्टइंडीज जीत जाता है तो भारत के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. इससे वेस्टइंडीज सेमीफाइनल के करीब पहुंच जाएगा और दक्षिण अफ्रीका को आखिरी सुपर आठ मैच में जिम्बाब्वे को हराना होगा. ऐसे में भारत को वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे दोनों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी.
टीमें:
वेस्टइंडीज:
शाई होप (कप्तान), जॉनसन चार्ल्स, रोस्टन चेज़, मैथ्यू फोर्डे, शिम्रोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसेन, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, गुडाकेश मोती, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, जेडन सील्स, रोमारियो शेफर्ड.
दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्क्रम (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को यानसन, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडि, केशव महाराज, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नार्किया, क्वेना मफाका, जॉर्ज लिंडे, जेसन स्मिथ.