लॉरेंस बिश्नोई के संकट मोचक हैं दीपक खत्री, जिन पर चली गोली, क्यों जान के पीछे पड़े हैं गैंगस्टर्स?
दिल्ली के आईएसबीटी इलाके में मंगलवार रात उस वक्त दहशत फैल गई, जब एक कार पर कुछ हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. यह फायरिंग मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास रात करीब 10 बजे के आसपास हुई. पुलिस के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम से जुड़े एक वकील भी शामिल थे.
पीड़ितों के अनुसार, तीन हमलावर एक स्कूटर पर सवार होकर आए और कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए. फायरिंग में कार का पिछला शीशा टूट गया. इस हमले में कार में सवार संदीप नामक व्यक्ति के कंधे में गोली लगी, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर है.
निशाने पर लॉरेंस की लीगल टीम
जिस कार पर फायरिंग हुई, वह लॉरेंस बिश्नोई की महिला वकील रजनी खत्री के पति और खुद भी पेशे से वकील दीपक खत्री से जुड़ी हुई थी. फायरिंग के वक्त दीपक खत्री भी उसी कार में मौजूद थे, हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आई.
दीपक खत्री ने न्यूज़18 इंडिया से फोन पर बातचीत में कहा, ‘मुझे पहले से जानकारी मिल रही थी कि कुछ लोग मुझ पर हमला करना चाहते हैं, लेकिन वजह साफ नहीं थी. मैं लॉरेंस बिश्नोई का वकील हूं, हो सकता है इसी कारण यह हमला हुआ हो. बदमाशों के पकड़े जाने के बाद ही साफ होगा कि इसके पीछे कौन है.’
क्या कह रही है पुलिस?
दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर मधुर वर्मा ने बताया, ‘दीपक खत्री एक वकील हैं और उनके साथ चार अन्य लोग मौजूद थे. वे रात करीब 10:30 बजे कश्मीरी गेट इलाके में अपनी कार से ISBT की ओर जा रहे थे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कूटर पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की, जिनमें से एक हथियारबंद था. उनके एक साथी संदीप के कंधे में गोली लगी है, वह सुरक्षित है. हम सभी के विस्तृत बयान दर्ज कर रहे हैं और हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं.’
उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दीपक खत्री को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं, जिनमें शहजाद भट्टी का नाम सामने आया है.
क्यों निशाने पर हैं दीपक खत्री?
दीपक खत्री लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े लगभग सभी बड़े केस देखते हैं. सूत्र बताते हैं कि इस गैंगस्टर के कई दुश्मन गुट हैं, जो नहीं चाहते कि खत्री इन मामलों में सक्रिय भूमिका निभाएं. इसी वजह से उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं और आशंका जताई जा रही है कि यह हमला गैंगवार या आपराधिक रंजिश से जुड़ा हो सकता है.
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.