‘बहू बस ऐसी हो…’, जब विजय देवेरकोंडा की मां ने बताए थे दुल्हनियां में क्या चाहिए गुण, पिता ने रखी थी ये शर्त
नई दिल्ली. आखिर वह दिन आ ही गया, जिसका फैंस पिछले 8 साल से इंतजार कर रहे थे. साउथ सिनेमा के मशहूर सितारे विजय देवेरकोंडा और रश्मिका मंदाना 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. फैंस ने प्यार से इस जोड़ी को ‘विरुष’ नाम दिया है, जिसे कपल ने अपनी शादी के नाम पर रखकर सम्मानित भी किया है. जहां एक तरफ शादी की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं सोशल मीडिया पर विजय के माता-पिता का एक पुराना इंटरव्यू वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपनी होने वाली बहू के गुणों के बारे में बताया था.
2018 में ही सास-ससुर ने बता दी थी बहू की तस्वीर
साल 2018 में विजय देवेरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘गीता गोविंदम’ सुपरहिट हुई थी. इस फिल्म की सक्सेस मीट के दौरान एंकर सुमा ने विजय के माता-पिता गोवर्धन राव और माधवी से सवाल पूछा था कि वे अपनी बहू में क्या गुण देखना चाहते हैं . इस सवाल का जवाब आज भी फैंस के दिलों में बसा हुआ है. विजय की मां माधवी ने बेहद सादगी से जवाब देते हुए कहा था, ‘मुझे बस ऐसी बहू चाहिए जो मेरे बेटे का अच्छे से ख्याल रखे. उन्होंने आगे कहा, ‘उसे बस उससे बिना शर्त प्यार करना चाहिए, बस इतना ही काफी है. वह इंडस्ट्री में है, इसलिए उसे समझदार होना चाहिए.’
पिता की थी ये ख्वाहिश
विजय के पिता गोवर्धन राव ने भी इस मौके पर अपनी राय रखी थी. उन्होंने साफ कहा था कि उन्हें बेटे की शादी को लेकर कोई जाति या धर्म की बाधा नहीं है. उन्होंने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि वह उससे शादी करे जिससे वह प्यार करता है. मुझे कोई आपत्ति या उम्मीद नहीं है. लेकिन हां, मुझे खुशी होगी अगर वह किसी भारतीय, खासकर दक्षिण भारतीय लड़की से शादी करे.’
विजय ने भी रखी थी शर्त
इसी इंटरव्यू में विजय देवेरकोंडा ने भी अपनी शादी को लेकर खुलकर बात की थी. उन्होंने साफ कहा था कि वह अरेंज्ड मैरिज नहीं कर सकते. उनका बयान था, ‘मैं सिर्फ लव मैरिज करूंगा, लेकिन एक शर्त पर मेरे माता-पिता को वह लड़की पसंद आनी चाहिए’. आज जब विजय और रश्मिका शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं, तो फैंस कह रहे हैं कि रश्मिका ने हर कसौटी पर खरा उतरा है. वह न सिर्फ साउथ इंडियन हैं, बल्कि विजय को संभालने और समझने की क्षमता भी रखती हैं.
कैसी होगी ‘विरुष’ की शादी?
उदयपुर के आईटीसी मोमेंटोस होटल में होने वाली इस शादी में सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल होंगे . खबरों के मुताबिक, शादी में दक्षिण भारतीय परंपराओं का खास ख्याल रखा जाएगा और मेहमानों को केले के पत्ते पर खाना परोसा जाएगा. वहीं, जापानी व्यंजन भी मेहमानों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होंगे. शादी के बाद 4 मार्च को हैदराबाद में एक भव्य रिसेप्शन का भी आयोजन किया जाएगा, जहां फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज शामिल होंगे.