लॉरेंस बिश्नोई ने कांग्रेस MLA से मांगी 10 करोड़ की फिरौती, गैंग ने कनाडा में फायरिंग की ली जिम्मेदारी | Lawrence Bishnoi gang threatened Akola Congress MLA Sajid Khan Pathan Canada Calgary firing Tyson Bishnoi Arzoo Bishnoi
Last Updated:
महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित धमकी मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है_ इसी बीच गैंग ने कनाडा में कारोबारी पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा कर सनसनी फैला दी है.

आनंद तिवारी, नई दिल्ली / विवेक गुप्ता, मुंबई
महाराष्ट्र के अकोला से कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से मिली जान से मारने की धमकी ने राजनीतिक और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया है. विधायक ने दावा किया है कि गैंग के सदस्य ने फोन कर उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है. रकम न देने पर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. विधायक व उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की गई है.
जानकारी के अनुसार, साजिद खान पठान को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लॉन्कर नाम के व्यक्ति ने फोन किया. विधायक का आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को गैंग का सदस्य बताते हुए साफ कहा कि अगर 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो उनकी हत्या कर दी जाएगी. धमकी में हाल ही में चर्चित हाई-प्रोफाइल हत्याओं का भी जिक्र किया गया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई. धमकी मिलने के बाद विधायक ने इस बाबत पुलिस को जानकारी दी. अकोला पुलिस ने मामला दर्ज कर कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल की लोकेशन और नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी वास्तव में गैंग से जुड़ी है या किसी ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर डराने की कोशिश की है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने देश के अलग-अलग राज्यों में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश की है और राजनीतिक व कारोबारी हस्तियों को निशाना बनाकर डर का माहौल बनाने की रणनीति अपनाई है. इसी वजह से विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
लॉरेंस बिश्नोई ने ली कनाडा में फायरिंग की जिम्मेदारी
इसी बीच, गैंग का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आ गया है. कनाडा के कैलगरी शहर में एक कारोबारी के ठिकाने पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गुर्गों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है. गैंग की ओर से टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई नाम के अकाउंट्स से जारी पोस्ट में दावा किया गया कि मालवा टायर नामक दुकान के मालिक हरप्रीत बराड़ पर हुई फायरिंग उनके कहने पर की गई है.
वायरल पोस्ट में कारोबारी पर गैंग के दुश्मनों को फंडिंग का आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में कारोबारी पर गैंग के दुश्मनों को फंडिंग, हथियार उपलब्ध कराने और बुलेटप्रूफ गाड़ियां मुहैया कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पोस्ट में खुली धमकी देते हुए कहा गया कि यह आखिरी चेतावनी है और भविष्य में सीधे जान से मारने की कार्रवाई की जाएगी. हालांकि कनाडाई पुलिस ने आधिकारिक तौर पर गैंग के दावे की पुष्टि नहीं की है, लेकिन घटना की जांच जारी है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें