हसीनाएं करती थीं रेकी, आशिक उड़ाते थे तिजोरी.. हरदोई पुलिस ने प्रेम और अपराध के ‘खौफनाक खेल’ का किया चौंकाने वाला खुलासा

Share to your loved once


हरदोई. यूपी के हरदोई में इश्क की मुलाकात का प्लान बनाकर आए दो शातिर लुटेरों की कहानी फिल्मी अंदाज़ में खत्म हुई. नोएडा में सक्रिय ये दोनों अपराधी अपनी-अपनी प्रेमिकाओं से मिलने पहुंचे थे, लेकिन रोमांस से पहले उन्होंने लाखों की चोरी कर डाली. पुलिस की घेराबंदी में जब इनका सामना हुआ तो गोलियां चलीं, और कुछ ही पलों में दोनों के पैर में गोली लग गई. इश्क का सफर सीधे अस्पताल और फिर हवालात तक पहुंच गया.

कोतवाली शहर क्षेत्र के आजाद नगर में 17-18 फरवरी की रात सिंचाई विभाग के प्रशासनिक अधिकारी सुनील जौहरी का घर सूना था. बाइक से घूम-घूमकर रेकी करने वाले इन शातिरों ने मौका देखते ही ताला तोड़ा और ज्वेलरी व नकदी समेट ली. पुलिस को जैसे ही सुराग मिला, बावन रोड बाईपास पर चेकिंग तेज कर दी गई. संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश हुई तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में बिहार के मोतिहारी निवासी कमरुद्दीन और हमीरपुर के धीरेंद्र सिंह उर्फ धीरज के पैर में गोली लगी और दोनों धर दबोचे गए.

नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस

बरामदगी भी कम चौंकाने वाली नहीं रही. इनके पास से दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार खोखा, दो जिंदा कारतूस, चोरी की ज्वेलरी, लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और बाइक पुलिस के हाथ लगी. धीरेंद्र 2021 में आगरा में व्यापारी पर जानलेवा हमला कर कार लूट के मामले में भी मुठभेड़ में घायल हो चुका है. दोनों पर नोएडा, आगरा और अन्य जिलों में लूट-डकैती व आर्म्स एक्ट के कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है.

प्रेमिकाएं करती थीं रेकी

पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वे बंद घरों को निशाना बनाते थे. उनकी प्रेमिकाएं दिन में घूम-घूमकर बंद मकानों की रेकी करती थीं और उन्हें जानकारी देती थीं, जिसके बाद रात में चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था. चोरी के आभूषणों का कुछ हिस्सा भी अभियुक्तों ने अपनी प्रेमिकाओं के पास सुरक्षित रखा था, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं.

ये चीजें हुई बरामद

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से चोरी का एक सोने का हार, कई जोड़ी चांदी की पायल, सिक्के, बिछिया, लड्डू गोपाल की मूर्ति, लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, 2000 रुपये नकद, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं. गिरफ्तार धीरेंद्र सिंह पर आगरा और गौतमबुद्धनगर में हत्या के प्रयास व चोरी के करीब 9 मुकदमे दर्ज हैं, वहीं कमरुद्दीन पर भी एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. एसपी हरदोई ने बताया कि घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है.

33 मिनट में 65 लाख की चोरी

हरदोई में सिंचाई विभाग के प्रशासनिक अधिकारी के बंद मकान में 33 मिनट के दौरान चोरों ने 65 लाख रुपये कीमत के जेवर और पांच लाख रुपये चोरी कर लिए. शहर कोतवाली क्षेत्र के आजादनगर में हुई घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. फुटेज में नजर आए दो संदिग्धों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी.  चोर घर में 2:02 बजे घुसे थे और 2:35 बजे बाहर निकले. चोरी की यह बड़ी वारदात कोतवाली शहर क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर निवासी सुनील जौहरी के घर हुई थी. सुनील जौहरी हरदोई में सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18 फरवरी को उनके साढू के लड़के का वरीक्षा कार्यक्रम था तो वह शाहजहांपुर गए हुए थे. वह लोग 17 फरवरी को ही दिन के 4 बजे घर पर ताला डाल कर चले गए थे और 17 फरवरी की रात को ही ताले तोड़कर चोरी की वारदात हो गई. 18 फरवरी को पड़ोसियों द्वारा सूचना दी गई. उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को पुत्री की शादी की थी उसके व्यवहार में आए लगभग 5 लाख रुपए नगद रखे थे जो चोरी हो गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP