pahadi bathua raita recipe | unique raita recipe | पहाड़ी बथुआ रायता रेसिपी | हेल्दी रायता बनाने का तरीका |
Last Updated:
उत्तराखंड की रसोई अपनी सादगी के लिए मशहूर है. इन्हीं व्यंजनों में से एक है ‘पहाड़ी बथुआ रायता’, जिसे यहां के घरों में सेहत का खजाना माना जाता है. स्वाद में बेमिसाल और खुशबू में देसी यह रायता न केवल आपके खाने का जायका बढ़ाता है, बल्कि ठंड के मौसम में शरीर को अंदरूनी ताकत भी देता है. ऋषिकेश की गृहिणी संगीता ने पारंपरिक तरीके से इस रायते को तैयार करने के वो खास राज साझा किए हैं, जिनसे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. आखिर वह कौन सा खास तड़का है जो इस साधारण सी डिश को शाही बना देता है? जानिए बथुए के साथ सिलबट्टे का वह मेल, जो आज भी पहाड़ों की असली पहचान है.
ऋषिकेश: उत्तराखंड और पहाड़ी इलाकों की रसोई में सादगी के साथ स्वाद का अनोखा संगम देखने को मिलता है. यहां के पारंपरिक व्यंजन मौसम और सेहत दोनों का खास ध्यान रखते हैं. इन्हीं में से एक है पहाड़ी बथुआ रायता. यह साधारण दिखने वाली डिश स्वाद, पौष्टिकता और देसी खुशबू से भरपूर होती है. बथुआ न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है बल्कि शरीर को भी कई जरूरी पोषक तत्व देता है. अगर आप रोजमर्रा के खाने में कुछ अलग और हेल्दी जोड़ना चाहते हैं तो यह रायता आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. एक बार इसका स्वाद चख लिया तो इसे बार-बार बनाने का मन जरूर करेगा.
बथुआ का रायता बनाने की रेसिपी
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान गृहिणी संगीता ने बताया कि पहाड़ी बथुआ रायता बनाने की विधि बेहद आसान है, लेकिन इसका स्वाद बेहद खास होता है. सबसे पहले ताजा और कोमल बथुआ पत्तों को चुन लें. पत्तों को दो से तीन बार साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि मिट्टी या गंदगी पूरी तरह निकल जाए. इसके बाद एक बर्तन में पानी उबालें और बथुआ पत्तों को हल्का उबाल लें. ज्यादा देर तक उबालने की जरूरत नहीं है, वरना पोषक तत्व कम हो सकते हैं. उबालने के बाद पत्तों का अतिरिक्त पानी निचोड़ लें और उन्हें ठंडा होने दें. ठंडा होने पर बथुआ को मिक्सी में बारीक पीस लें या चाहें तो सिलबट्टे पर भी पीस सकते हैं, जिससे देसी स्वाद और भी बढ़ जाता है.
रायते में दही मिलाने का तरीका
अब एक बाउल में गाढ़ा और ताजा दही लें. दही को अच्छे से फेंट लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे और वह एकदम स्मूद हो जाए. फेंटे हुए दही में पिसा हुआ बथुआ मिलाएं और अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद स्वादानुसार भुना जीरा पाउडर, काला नमक और साधारण नमक डालें. अगर आप हल्का तीखापन पसंद करते हैं तो बारीक कटी हरी मिर्च भी मिला सकते हैं. कुछ लोग इसमें बारीक कटा लहसुन भी डालते हैं, जिससे स्वाद और भी निखर जाता है.
अगर आप रायते को और ज्यादा खुशबूदार बनाना चाहते हैं तो ऊपर से हल्का तड़का लगा सकते हैं. इसके लिए एक छोटी कड़ाही में थोड़ा सा सरसों का तेल या घी गर्म करें. उसमें राई और जीरा डालें. जब तड़का चटकने लगे तो उसे तैयार रायते के ऊपर डाल दें. यह तड़का पूरे रायते का स्वाद दोगुना कर देता है. पहाड़ी घरों में इसे अक्सर मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खिचड़ी या सादा दाल चावल के साथ परोसा जाता है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें